Sikar-Piprali Four-Lane: सीकरवासियों के लिए राहतभरी खबर है। लंबे इंतजार के बाद सीकर-पिपराली मार्ग की फोरलेन होने की राहें खुल गई है। राज्य सरकार ने सीकर-पिपराली मार्ग को फोरलेन करने की स्वीकृति बुधवार को जारी कर दी है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से जल्द निविदा जारी की जाएगी।
सीकर-पिपराली मार्ग के फोरलेन होने से एज्युकेशन जोन को भी नई रफ्तार मिल सकेगी। गौरतलब है कि राजस्थान पत्रिका ने 17 जनवरी के अंक में सीकर-पिपराली मार्ग के फोरलेन होने का मुद्दा उठाया था। इस मार्ग के फोरलेन होने से सड़क हादसों में भी कमी आ सकेगी।
बेहतर इंजीनियिरंग ने खोली राहें
कोटपूतली-कुचामन मेगा हाइवे की दस मीटर चौड़ाई बढ़ाने के लिए 70.42 करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ था, लेकिन टेंडर 57.23 करोड़ में ही छूटने से विभाग को लगभग 13 करोड़ की सीधी बचत हुई। ऐसे में आरएसआरडीसी के सहायक अभियंता सुमित गढ़वाल ने 13 करोड़ से सीकर-पिपराली मार्ग को फोरलेन करने का प्रस्ताव भिजवाया।
राज्य सरकार पर अतिरिक्त भार नहीं आने की वजह से विभाग ने इसको मंजूरी दे दी। अब सीकर से पिपराली मार्ग पर 13 करोड़ से साढ़े चार किलोमीटर हाइवे का निर्माण होगा। वहीं पुरानी एजेंसी की तरफ से साढ़े तीन किलोमीटर में रिमेनिंग कार्य के तहत काम किया जाएगा।
ऐसे समझें फायदे का गणित
सड़क हादसों में आएगी कमी: पिपराली-सीकर मार्ग के फोरलेन होने से सड़क हादसों में कमी आ सकेगी। फिलहाल यह मार्ग बिना डिवाईडर के कम चौड़ाई का होने की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं। अब यह मार्ग फोरलेन होने के साथ दुपहिया वाहनों के लिए अलग से लाइन बन सकेगी। इससे आवागन की राहें काफी सुगम हो सकेगी।
एज्युकेशन जोन का विस्तार: पिपराली रोड पर लगातार कोचिंग विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। पिपराली मार्ग के फोरलेन होने से अब नई कोचिंग व छात्रावास पिपराली सर्किल से आगे भी खुल सकेगी। इससे शिक्षानगरी की अर्थव्यवस्था को भी बूस्टर डोज मिल सकेगा। वहीं पिपराली रोड इलाके से कोचिंग व हॉस्टल के शिफ्ट होने से स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी। फोरलेन का प्रस्ताव बनने के बाद ही कई शिक्षण संस्थाओं ने इसी मार्ग पर विस्तार की कवायद शुरू कर दी थी।
तेजी से विकसित होगा आवासीय जोन: पिपराली रोड पर आवागन की राहें सुगम नहीं होने की वजह से इस मार्ग पर आवासीय जोन तेजी से डवलप नहीं हो पा रहा था। इस मार्ग के फोरलेन होने से अब नई कॉलोनी भी डवलप हो सकेगी। ऐसे में तेजी से आवासीय जोन डवलप हो सकेगा।
टॉपिक एक्सपर्ट
सीकर-पिपराली मार्ग के फोरलेन करने के प्रस्ताव को मुख्यालय से हरी झंडी मिल चुकी है। जल्द निविदा जारी कर कार्य शुरू कराया जाएगा। कोटपूतली-कुचामन मेगा हाइवे की चौड़ाई बढ़ाने का काम इसी साल पूरा होगा।
सुमित गढ़वाल, सहायक अभियंता, आरएसआरडीसी