बानसूर पुलिस की बड़ी कामयाबी: ठेकेदार हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, दिल्ली से 5 आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान के बानसूर में निर्माणाधीन राजकीय उप जिला अस्पताल में हुई ठेकेदार की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर वारदात का पर्दाफाश कर दिल्ली से पांच आरोपियों को दबोच लिया है। इस पूरी कार्रवाई में बानसूर डीएसपी मेघा गोयल और थाना प्रभारी राजेश यादव की विशेष भूमिका रही।

एसपी सतवीर सिंह ने किया मामले का खुलासा

बुधवार सुबह बानसूर थाने में कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस अधीक्षक (SP) सतवीर सिंह ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व निर्माणाधीन अस्पताल में एसी फिटिंग का काम करने वाले फलोदी निवासी ठेकेदार राम सिंह राजपूत की हत्या कर दी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की दो विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने तकनीकी साक्ष्य और सूचनाओं के आधार पर आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया।

चोरी के दौरान जागने पर कर दी हत्या

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी फैजान मृतक ठेकेदार राम सिंह के अधीन ही काम करता था। फैजान ने अस्पताल के स्टोर में रखे एसी फिटिंग के महंगे सामानों को चुराने की योजना बनाई थी। इसके लिए उसने दिल्ली निवासी अपने दोस्त बिलाल से संपर्क किया, जो अपने साथ तीन अन्य साथियों को लेकर वाहन सहित बानसूर पहुँचा।

वारदात की रात जब आरोपी स्टोर से माल चोरी कर रहे थे, तभी ठेकेदार राम सिंह की नींद खुल गई। अपनी पहचान उजागर होने के डर से आरोपियों ने राम सिंह पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वाहन लेकर दिल्ली फरार हो गए थे।

तकनीकी साक्ष्यों ने पहुँचाया सलाखों के पीछे

हत्या के बाद पुलिस ने अस्पताल परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों का पीछा किया। बानसूर पुलिस की मुस्तैदी के कारण आरोपी अधिक समय तक कानून से बच नहीं सके और उन्हें दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान

फैजान: निवासी रामगढ़, जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश)।

मोहम्मद बिलाल: निवासी कोटला, नई दिल्ली।

मोहम्मद सोहेल: निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश।

हिमांशु: निवासी कोटला, नई दिल्ली।

सायमान: निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश।