Jaipur-Delhi Expressway Accident: RTO इंस्पेक्टर दस्ते के वाहन से टकराई बाइक, युवक की हालत गंभीर

Bike Collided With RTO Inspector’s Vehicle: जयपुर-दिल्ली एक्सप्रेस हाईवे पर खातियों की पुलिया के पास भगवती नर्सरी के सामने रविवार दोपहर जयपुर आरटीओ इंस्पेक्टर दस्ते के वाहन ने आगे चल रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इंस्पेक्टर ने निजी वाहन से सीकर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सवाई मानसिंह अस्पताल जयपुर रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर विश्वकर्मा थाना पुलिस और दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया और यातायात सुचारू करवाया।

जानकारी के अनुसार जयपुर आरटीओ इंस्पेक्टर शकीला बानो मय दस्ते के वाहनों की चैकिंग के लिए जयपुर से दौलतपुरा की तरफ जा रही थी। एक्सप्रेस हाईवे पर खातियों की पुलिया के पास भगवती नर्सरी के सामने इंस्पेक्टर के वाहन की टक्कर आगे चल रही बाइक से हो गई, जिससे बाइक सवार तालागांव निवासी गौतम मीणा (27) पुत्र कजोड़मल मीणा गंभीर घायल हो गया।

इंस्पेक्टर की मानें तो उसने ही घायल को सीकर रोड स्थित एक निजी चिकित्सालय में निजी वाहन से भेजा, जहां से उसे सवाईमानसिंह अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के दौरान बाइक और इंस्पेक्टर वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जिनको एक्सीडेंट थाने के 14 नंबर यार्ड में रखवाया गया है।

सीमेंट का कट्टा लेकर आ रहा था

ताला गांव निवासी रामफूल मीणा ने बताया कि उसका भाई गौतम मीणा बाइक पर सीमेंट का कट्टा लेकर जयपुर की ओर से दौलतपुरा जा रहा था। इसी दौरान विश्वकर्मा थाना इलाके में भगवती नर्सरी के पास आरटीओ इंस्पेक्टर की कार ने उसको पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

समझाइश के बाद खोला जाम

घटना के बाद आक्रोशित वाहन चालकों ने कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर विश्वकर्मा थाना पुलिस और एक्सीडेंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से समझाइश कर जाम खुलवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

इनका कहना है

बाइक सवार द्वितीय लेन पर चल रहा था। इसी दौरान भगवती नर्सरी के पास डिवाइडर की अधिक ऊंचाई नहीं है, जिसे लोग अवैध कट के रूप में काम लेते हैं और जहां पर लोग अक्सर यू टर्न लेते हैं। जैसे ही वह कट आया तो बाइक सवार दूसरी लेन से प्रथम लेन पर आ गया। इससे वह कार की चपेट में आ गया। घायल को मैंने अपने गार्ड के साथ निजी अस्पताल में भिजवाया था उसके बाद में जयपुर एसएमएस में रेफर कर दिया गया है।
शकीला बानो, आरटीओ इंस्पेक्टर जयपुर

इनका कहना है

एक्सप्रेस हाईवे पर एक बाइक चल रही थी, जो अचानक डिवाइडर के पास आ गई। इसी दौरान आरटीओ दस्ते के वाहन से टक्कर हो गई जिससे युवक गंभीर घायल हो गया, जिसका इलाज जयपुर एसएमएस में जारी है। यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा कि किसकी गलती है। फिलहाल में थाने में दुर्घटना का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
रविंद्र सिंह, थाना प्रभारी वीकेआई