देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जैसलमेर यात्रा के तीसरे और अंतिम दिन एकदम खुशनुमा मूड में नजर आईं। दो दिन तक जीएसटी काउंसिल की बैठकों में देश के अहम वित्तीय पहलुओं पर सिर खपाने के बाद उन्होंने रविवार को पहले भारत-पाकिस्तान सीमा पर अवस्थित चमत्कारी तनोटराय मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की और वहां शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और बाद में जैसलमेर शहर के ऐतिहासिक सोनार दुर्ग व मंदिर पैलेस की बड़ी तसल्ली के साथ यात्रा की। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों से मंदिर व्यवस्थाओं से लेकर बॉर्डर की सुरक्षा के बारे में चर्चा की वहीं लाखों लोगों के आकर्षण के केंद्र जैसलमेर दुर्ग व महलों के स्थापत्य सौन्दर्य का अवलोकन किया। उन्होंने शहर भ्रमण के दौरान स्थानीय बाशिंदों के साथ देशी सैलानियों के साथ संवाद किया और फोटो खिंचवाए। देश के मंत्रियों में टॉप 5 ग्रुप में शामिल निर्मला सीतारमण के सहज भाव ने हर किसी को प्रभावित किया।
तनोट मंदिर परिसर का अवलोकन
केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को शक्तिपीठ तनोट माता के दर्शन किए एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां तनोटराय से देश में खुशहाली की मंगल कामना की और तनोट परिसर में ऑडियो विजुअल और हथियार प्रदर्शनी का अवलोकन किया। क्षेत्रीय मुख्यालय जैसलमेर (उत्तर) के उपमहानिरीक्षक योगेंद्र सिंह राठौड़ ने प्रदर्शनी के बारे में जानकारी दी। इससे पहले सीतारमण ने मंदिर परिसर में स्थित विजय स्तम्भ पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां सीमा सुरक्षा बल की विशेष गार्ड ने वित्त मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया। निर्मला सीतारमण ने विषम परिस्थियों में कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे सीमा सुरक्षा बल के बहादुर जवानों से बातचीत की व उनकी हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि देश की प्रथम रक्षा पंक्ति के रूप में विख्यात सीमा सुरक्षा बल के जवानों से मुलाकात कर उन्हे आज गर्व की अनुभूति हो रही है। मंदिर परिसर में पहुंचने पर सीमांत मुख्यालय के महानिरीक्षक एमएल गर्ग, योगेन्द्र सिंह राठौड़, समादेष्टा क्षेत्रीय मुख्यालय जैसलमेर (उत्तर) सुरेंद्र कुमार और 166 वीं वाहिनी के समादेष्टा वीरेंद्रपाल सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया व तनोट माता की तस्वीर स्मृति स्वरुप भेंट की।
शहर का भ्रमण, कहा-वंडरफुल सिटी जैसलमेर
तनोट दर्शन के बाद निर्मला सीतारमण शहर के सोनार दुर्ग पहुंची। यहां प्रदेश के चिकित्सा मंंत्री गजेंद्रसिंह खींवसर और जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी सहित जिला कलक्टर प्रताप सिंह व पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी आदि उनके साथ थे। सीतारमण ने दुर्ग स्थित राजप्रासाद का अवलोकन किया और उसकी छत से पूरे नगर का विहंगावलोकन किया। वरिष्ठ गाइड गजेन्द्र शर्मा ने उन्हें जैसलमेर के इतिहास व कला-संस्कृति के बारे में जानकारी दी। केंद्रीय वित्त मंत्री ने दुर्ग स्थित दोनों जैन मंदिरों का भी अवलोकन किया और कहा कि जैसलमेर एक वंडरफुल सिटी है। दुर्ग भ्रमण के समय स्थानीय बाशिंदों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। जैन मंदिर परिसर में लोगों ने जय श्रीराम का जयघोष कर सीतारमण का अभिवादन किया। उन्होंने पूर्व राजघराने के निवास स्थान मंदिर पैलेस का भी दौरा किया।