नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इस साल यूजीसी नेट परीक्षा में आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर है। ये स्नातकोत्तर प्रतियोगियों के लिए विश्वविद्यालयों में शिक्षण प्रवेश के लिए अर्हक परीक्षा होती है। दिसंबर सत्र की यूजीसी नेट 2024 परीक्षा 1 जनवरी 2025 से 19 जनवरी 2025 तक होगी। यह परीक्षा साल में दो बार होती है। एक बार जून में और दूसरी बार दिसंबर में आयोजित की जाती है। विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के लिए यूजीसी नेट परीक्षा पास करना अनिवार्य होता है।
ये कर सकते हैं आवेदन
जिन अभ्यर्थियों ने मानविकी (भाषाओं सहित) और सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान और अनुप्रयोग, इलेक्ट्रॉनिक विज्ञान आदि में यूजीसी की ओर मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों या संस्थानों से मास्टर डिग्री या समकक्ष परीक्षा में कम से कम 55 फीसदी अंक (बिना पूर्णांकित किए) प्राप्त किए हैं, वे पात्र हैं। इसके अलावा वे अभ्यर्थी जो अर्हक मास्टर डिग्री (अंतिम वर्ष) परीक्षा में उपस्थित हुए हैं या उपस्थित होंगे और जिनके परिणाम अभी भी प्रतीक्षित हैं या वे अभ्यर्थी जिनकी अर्हता परीक्षाओं में देरी हो गई है। वे भी इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं इस बार दिसंबर 2024 में होने वाली यूजीसी नेट परीक्षा में आयुर्वेद बायोलॉजी को नया विषय जोड़ा गया है।
ऐसे करें आवेदन
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 दिसंबर तक निर्धारित की है। आवेदन करने में रुचि रखने वाले छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यूजीसी नेट पंजीकरण के बाद आवेदकों को आवश्यक आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा।
एक घंटे का होगा पेपर
यूजीसी नेट में उपस्थित कुल अभ्यर्थियों की संख्या के 6 प्रतिशत (मेरिट अनुसार) ही नेट में पात्र घोषित किए जाते हैं। यूजीसी नेट परीक्षा पैटर्न में दो पेपर होते हैं। जहां पेपर एक की अवधि एक घंटे होती है तथा 100 अंकों का होता है। वहीं पेपर दो की समय अवधि 2 घंटे की होती है तथा यह 200 अंकों का होता है। यूजीसी नेट पेपर एक का पाठ्यक्रम सभी अभ्यर्थियों के लिए सामान होता है । पेपर 1 में दस महत्वपूर्ण विषयों- शिक्षण योग्यता, अनुसंधान योग्यता, समझ, संचार, गणितीय तर्क और योग्यता, तार्किक तर्क, डेटा व्याख्या, सूचना और संचार प्रौद्योगिकी , जन विकास व पर्यावरण और उच्च शिक्षा को जगह दी गई है। हालांकि यूजीसी नेट पेपर 2 का पाठ्यक्रम अलग-अलग विषयों के लिए अलग-अलग होता है। पेपर 2 में विषय-विशिष्ट प्रश्न होते हैं, जिस विषय में अभ्यर्थी ने स्नातकोत्तर की है।