लाठी क्षेत्र के धोलिया गांव में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में शनिवार को रोटरी ब्लड बैंक जोधपुर, समाजसेवी मानवेंद्रसिंह भाटी, स्थानीय वन्यजीव प्रेमी विक्रम दर्जी के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया। रक्तदान शिविर वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपना बलिदान देने वाले वन्यजीवप्रेमी राधेश्याम विश्नोई, श्याम विश्नोई, गोरक्षक कंवराजसिंह भाटी एवं वनरक्षक सुरेंद्र चौधरी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया। शिविर की शुरुआत डेलासर मठ के मठाधीश महंत महादेव पुरी महाराज, भादरिया सरपंच प्रेमसिंह भाटी, धोलिया सरपंच शिवरतन गोदारा तथा सामाजिक कार्यकर्ता मानवेंद्रसिंह भाटी, वन्यजीव प्रेमी विक्रम दर्जी, बगडूराम विश्नोई, खीयाराम विश्नोई आदि ने वन्यजीव प्रेमियों की तस्वीरों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर और दो मिनट का मौन रखकर किया गया। शिविर में कुल 190 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। जिसमें महिलाओं ने भी अहम भूमिका निभाई। शिविर को संबोधित करते हुए डेलासर मठ के मठाधीश महंत महादेवपुरी ने बताया कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं। उन्होंने बताया कि रक्तदान से जरूरतमंदों की जान बचती है। शरीर में नई ऊर्जा आती है। रक्त निर्माण की प्रक्रिया तेज होती है।