Sri Ganganagar wedding car Accident: श्रीगंगानगर। जिले के रायसिंहनगर के गांव खिचियां में एक शादी समारोह का हंसी-खुशी का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब बारात में शामिल युवकों की कार पेड़ से टकरा गई। हादसा समेजा थाना क्षेत्र के गांव खिचियां मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार रावला क्षेत्र के चक 4 केपीडी से गोपीराम बावरी पुत्र भैराराम की बारात गांव खिचियां के लिए रवाना हुई थी। बारात जब खिचियां मोड़ के पास पहुंची, तब दूल्हे के दोस्तों की कार अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। कार में सवार पृथ्वीराज पुत्र कृष्णलाल निवासी 2 केएलएम और बाबूलाल पुत्र सुल्तान निवासी 4 केपीडी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं गोविंद पुत्र जगदीश निवासी 4 केपीडी, मोहनलाल पुत्र पूर्णराम निवासी 5 केवाइडी तथा घनश्याम पुत्र मनफुलराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल निजी वाहनों की सहायता से राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान घनश्याम ने भी दम तोड़ दिया, जबकि गोविंद और मोहनलाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। मृतकों के शव राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
घटना के बाद मची चीख-पुकार
घटना की सूचना मिलते ही शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई और खुशियों का माहौल पलभर में गम में बदल गया। बताया जा रहा है कि गिरधारीलाल बावरी की बेटी सुमन की शादी थी, लेकिन विवाह की रस्मों से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रूप से हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी । घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है ।