Sirohi News: सिरोही से बड़ी खबर, मिट्टी का टीला ढहा, दबने से महिला समेत दो मजदूरों की मौत

सिरोही। शहर में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में मिट्टी के टीले के नीचे दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसा सिरोही कोतवाली थाना क्षेत्र में लॉ कॉलेज के पास हुआ, जहां निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी का टीला ढह गया। हादसे के समय दोनों मजदूर नीचे की तरफ काम कर रहे थे। अचानक भारी मात्रा में मिट्टी गिरने से दोनों उसके नीचे दब गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

यह वीडियो भी देखें

सूचना पर सिरोही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों मजदूरों को मिट्टी से बाहर निकालकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में जान गंवाने वालों में एक महिला मजदूर और एक पुरुष मजदूर शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों मृतक पिंडवाड़ा तहसील के साबेला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

हादसे के कारणों को लेकर जांच शुरू

पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं हादसे के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मिट्टी का कटाव काफी गहरा था और मजदूर नीचे काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी भरभराकर गिर गई और दोनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पहले भी हुआ हादसा

गौरतलब है कि इससे पहले सिरोही जिले में शुक्रवार तड़के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र में भीषण हादसा हो गया था। कोजरा तिराहा और चवरली के बीच फोरलेन हाईवे पर अज्ञात वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार सवार दो युवकों की मौत हो गई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक उसमें फंस गए। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।