Rajasthan BJYM : भाजपा युवा मोर्चा की नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित होने के बाद संगठन में महिला प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठने लगे हैं। 63 सदस्यीय कार्यकारिणी में केवल तीन महिला कार्यकारियों को जगह मिली है। इससे पार्टी के नारी शक्ति वंदन के एजेंडे की संगठन के भीतर चर्चा तेज हो गई है। भाजपा लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात करती रही है। इस हिसाब से कार्यकारिणी में 21 महिला कार्यकर्ताओं को जगह मिलनी चाहिए थी। वहीं, छात्र राजनीति में बागी रहे नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है, हालांकि अब पार्टी से जुड़े रहे हैं।
नेताओं के बेटों की सक्रियता…
कार्यकारिणी में कई नेताओं के बेटों को जिम्मेदारी दी गई है। अजमेर के भाजपा नेता भंवर सिंह पलाड़ा के बेटे शिवराज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। आदित्य सिंघानिया को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। वे भाजपा नेता और सीकर के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज सिंघानिया के बेटे हैं। पूर्व मीडिया सलाहकार महेंद्र भारद्वाज के बेटे दिव्यांश भारद्वाज को भी प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। दिव्यांश पहले टोंक की आंवा ग्राम पंचायत में सरपंच रह चुके हैं।
ये महिला कार्यकर्ता
1-निकिता शेखावत – प्रशिक्षण प्रभारी
2- ट्विंकल शर्मा – सह प्रभारी
3- वृंदा राठौड़ – प्रवक्ता
कुशवाह का नाम और सवाल
भाजपा के छात्र संगठन एबीवीपी से जुड़े कई नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। चर्चा बी. के कुशवाह को प्रदेश मंत्री बनाए जाने को लेकर भी है। कुशवाह कथित तौर पर देशी कट्टा और कारतूस मामले में पकड़े जा चुके हैं।
जो सक्रिय, उन्हें मौका
कार्यकारिणी में समय-समय पर महिला कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा। बी. के कुशवाह के मामले में पता किया, वे अदालत से बरी हो चुके हैं। पार्टी में जो सक्रिय हैं, उन्हें मौका दिया गया है।
शंकर गोरा, प्रदेशाध्यक्ष, भाजयुमो
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा। फोटो पत्रिका
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने की नई टीम घोषणा
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा राजस्थान की नई टीम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने हरी झंडी दे दी। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने अपनी नई टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस नई कार्यकारिणी की सबसे खास बात यह है कि इसे पूरी तरह से ‘जंबो साइज’ का रखा गया है, जिसमें कुल 63 नेताओं को शामिल करके राज्य के सभी संभागों, जिलों और प्रमुख सामाजिक-जातिगत वर्गों को साधने की एक बहुत ही बारीक और रणनीतिक कोशिश की गई है। इस बदलाव के बाद पुराने चेहरों की जगह पूरी तरह नए और ऊर्जावान ग्राउंड वर्कर्स को संगठन की मुख्यधारा में आगे लाया गया है।
7 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 9 मंत्रियों की तैनाती
भाजयुमो द्वारा जारी की गई आधिकारिक सूची के अनुसार, संगठन के भीतर संतुलन बनाए रखने के लिए शीर्ष पदों पर भारी फेरबदल किया गया है। कोर टीम में मुख्य रूप से उपाध्यक्ष, महामंत्री और मंत्रियों के कंधों पर मरुधरा के युवाओं को जोड़ने की मुख्य जिम्मेदारी होगी।