राजस्थान के भिनाय उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत नांदसी के ग्राम कुरथल के जंगल में शिकारियों ने वहशीपन की हद पार कर दी। शिकारियों ने पहले नील गाय का गोली मारकर शिकार किया। उसके बाद शव को ग्राइंडर मशीन से काट दिया। वीभत्स घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जंगल से गुजरते ग्रामीण को टुकड़ों में कटी नील गाय नजर आई। उसकी सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, वन विभाग व पुलिस टीम मौके पर जा पहुंची। मौके पर नील गाय का धड़ कई हिस्सों में कटा होने के साथ ही त्वचा भी अलग मिली।
यह वीडियो भी देखें
मौके पर 12 बोर बंदूक का खाली कारतूस भी पुलिस को मिला। सूचना पर भिनाय थाना पुलिस व वन विभाग की टीम के साथ पशु चिकित्सा टीम भी डॉक्टर के साथ मौके पर पहुंची। मामले में पुलिस अनुसंधान जारी है।
इनका कहना है : कुरथल के जंगल में नील गाय टुकड़ों में मरी हुई मिली है। मृत नीलगाय का पशु चिकित्सालय में पोस्ट मार्टम करवाया गया है। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने पर नील गाय की मृत्यु के कारणों का पता चल पाएगा।
निर्मल शर्मा, वनपाल, भिनाय
गोवंश के थन कटे हुए मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश
इधर राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के गांव 12 बीएलडी डबजाल में मृत गाय के चारों थन कटे मिलने की घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। गांव निवासी रामप्रताप ओढ़ 12 बीएलएम की गाय गुरुवार रात मृत अवस्था में मिली। गाय के थन कटे हुए थे।
सुबह सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसे किसी व्यक्ति विशेष की करतूत बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। एसआई जयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
वेटरनरी अधिकारी डॉ. भूप कुमार लकेसर ने गाय का पोस्टमार्टम किया। चिकित्सक के अनुसार गाय की मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई तथा मौत के बाद अज्ञात जंगली जानवर ने स्तन खा लिए।
निष्पक्ष जांच की मांग उठाई
देर शाम विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने थाने पहुंचकर थानाधिकारी सुमन परिहार से मेडिकल बोर्ड से निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। थानाधिकारी ने बताया कि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
गाय की मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई है। मौत के बाद कोई अज्ञात जंगली जानवर गाय के स्तन खा गया।
डॉ. भूप कुमार लकेसर, सीनियर वेटरनरी ऑफिसर, श्रीबिजयनगर।
चिकित्सक की रिपोर्ट के अनुसार गाय की मौत के बाद अज्ञात जंगली जानवर उसके स्तन खा गया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
सुमन परिहार, थानाधिकारी, श्रीबिजयनगर।