Lakhpati Didi Yojana: राजस्थान में लखपति दीदी योजना में बड़ी राहत, ऋण सीमा बढ़ी और ब्याज दर हुई कम

Women Empowerment: जयपुर/डूंगरपुर. मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि लखपति दीदी योजना के तहत महिलाओं को अब अधिक राहत देते हुए ऋण सीमा बढ़ाकर 1.5 लाख रुपए कर दी गई है, वहीं ब्याज दर को 2.5 प्रतिशत से घटाकर केवल 1.5 प्रतिशत वार्षिक कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री डूंगरपुर जिले के धम्बोला गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण को नई दिशा मिली है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल और शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।

राजीविका के माध्यम से करीब 22 लाख महिलाओं को प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में राजीविका के माध्यम से करीब 22 लाख महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है और 17 लाख महिलाएं लखपति दीदी बनकर आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

4 लाख सरकारी नौकरियां देने के प्रयास तेजी से जारी

युवाओं के रोजगार पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 4 लाख सरकारी नौकरियां देने के संकल्प की दिशा में तेजी से काम किया है। अब तक सवा लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। इसके अलावा सवा लाख पदों पर भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया गया है तथा 1 लाख 35 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार के कार्यकाल में सभी भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से आयोजित हुई हैं।

निजी क्षेत्र में भी 3 लाख से अधिक रोजगार उपलब्ध

मुख्यमंत्री ने बताया कि निजी क्षेत्र में भी 3 लाख से अधिक रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही, मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत दुग्ध उत्पादकों को प्रति लीटर 5 रुपये का अनुदान दिया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं।

कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के तहत अनुदान आधारित ट्रैक्टर और थ्रेसर की चाबियां सौंपी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सीएलएफ ओबेरी और पुनाली की महिलाओं को कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के तहत अनुदान आधारित ट्रैक्टर और थ्रेसर की चाबियां सौंपी। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के लाभार्थियों से संवाद भी किया।

इस अवसर पर राजीविका महिला स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न योजनाओं के तहत 5 करोड़ 51 लाख रुपए और 1 करोड़ रुपए के ऋण चेक वितरित किए गए। साथ ही डेटा सखी और पोषण सखी को टेबलेट भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री Babulal Kharadi, विधायक शंकरलाल डेचा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।