नागौर. नागौर-जोधपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर खरनाल व भाकरोद के बीच गुरुवार दोपहर में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में दो महिलाएं गंभीर घायल हुई है। जिला मुख्यालय के जेएलएन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को जोधपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार खरनाल निवासी प्रेमसुख जाट मोटरसाइकिल पर अपनी पत्नी सुमन व सुमरे पत्नी सहीराम को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर जा रहा था। इस दौरान कार चालक ने मोटरसाइकिल टक्कर मार दी। जिससे प्रेमसुख की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुमन (50) व सुमेर (45) गंभीर घायल हो गई। जिन्हें खरनाल निवासी राजवीर धौलिया ने अन्य लोगों की मदद से खुद की बोलेरो से जिला मुख्यालय के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। दोनों गंभीर घायल महिलाओं का प्राथमिक उपचार करने के बाद जोधपुर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
टक्कर के बाद बाइक में लगी आग
कार की टक्कर इतनी तेज थी कि खरनाल निवासी चालक प्रेमसुख (55) पुत्र बलदेवराम की मौके पर ही मौत हो गई। कार की टक्कर के बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई, जिससे मोटरसाइकिल पूरी तरह जल गई। कार को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
नागौर में डम्पर चालक का तांडव, पुलिस ने किया गिरफ्तार
नागौर. शहर के बीकानेर रोड पर बुधवार को एक डम्पर चालक ने जमकर तांडव मचाया। तेज रफ्तार डम्पर चालक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी और बाद में रॉन्ग साइड में वाहन दौड़ाते हुए लोगों में दहशत फैला दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक को रोकने के प्रयास किए गए, लेकिन वह लगातार गलत दिशा में डम्पर भगाता रहा। इसी दौरान एक युवक डम्पर के आगे चढ़ गया और चालक को रोकने की कोशिश करता रहा, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। युवक काफी देर तक डम्पर के आगे हवा में लटकता रहा और लोगों से “मुझेबचाओ” चिल्लाता रहा। घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पीछा कर डम्पर को रुकवाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। काफी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा डम्पर को जब्त किया।