Rajasthan Weather Update: राजस्थान में भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। लोग गर्म हवा के थपेड़ों से परेशान हैं । दिन के साथ ही रात में भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटे में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया । पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान चित्तौड़गढ़ में 46.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस सिरोही में दर्ज किया गया ।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच बना रह सकता है। कुछ क्षेत्रों में हीटवेव (लू) और ऊष्णरात्रि की स्थिति भी देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी 2 से 5 दिनों तक तेज धूलभरी सतही हवाएं 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की प्रबल संभावना है। इसका असर खासतौर पर पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी जिलों में देखने को मिल सकता है।
बीकानेर जिले में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। बुधवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया और जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। दिनभर चलने वाली लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गर्मी से बचाव के लिए लोग सिर ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर निकलते नजर आए। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है। दूसरी ओर, ग्रामीण इलाकों में भी तेज गर्मी के कारण पशु-पक्षी परेशान दिखाई दिए।
पिछले 24 घंटे का तापमान
क्र.स्टेशनअधिकतम तापमान1अजमेर41.8°C2भीलवाड़ा42.1°C3बनस्थली45.1°C4अलवर45.8°C5जयपुर43.2°C6पिलानी45.3°C7सीकर42.0°C8कोटा44.4°C9चित्तौड़गढ़46.3°C10डबोक41.7°C11बाड़मेर43.5°C12सवाई माधोपुर40.6°C13जैसलमेर43.9°C14जोधपुर शहर42.1°C15फलोदी44.8°C16बीकानेर43.8°C17चूरू44.8°C18श्रीगंगानगर45.9°C19माउंट आबू31.7°C20नागौर (AWS)40.3°C21डूंगरपुर (AWS)—22संगरिया (AWS)42.2°C23जालोर (AWS)40.5°C24सिरोही (AWS)38.3°C25फतेहपुर (AWS)43.5°C26करौली (AWS)44.3°C27दौसा (AWS)44.8°C28प्रतापगढ़ (AWS)40.6°C29लूणकरनसर (AWS)42.9°C30झुंझुनूं (AWS)42.6°C31पाली (AWS)40.5°C
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, लेकिन फिलहाल गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार कम हैं। बीकानेर में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।