रामगंजमंडी (कोटा): ग्राम पंचायत गोयंदा में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पीछे स्थित तलाई में अवैध मिट्टी खनन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। पंचायतीराज एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि खननकर्ता की ओर से अवैध रूप से मिट्टी खनन करने और वसूली करने का मामला संज्ञान में आ गया है। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि खनन माफिया और कानूनगो के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में तलाई में अवैध मिट्टी खनन के बारे में कानूनगो ने खनन खाफिया से पूछा कि तलाई से मिट्टी खनन की अनुमति किससे ली है, तो उसने कहा कि पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने तलाई से मिट्टी खोदने के लिए कह रखा है। इसलिए मिट्टी खनन कर रहा हूं।
पटवारी ने अनुमति मांगने वाली बात पूछी तो वह धमकाने लगा। इसके बाद तहसीलदार और अन्य अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची तो खनन माफिया फरार हो गया। पिछले दिनों तलाई में अवैध रूप से मिट्टी खनन की कार्रवाई के लिए गए कानूनगो और पटवारी ने मौके पर बुलडोजर के जरिए मिट्टी खुदाई होते हुए पाया।
पांच ट्रॉली मिट्टी से भरी और दो खाली मिली थी। उधर, कानूनगो श्रुति शर्मा ने बताया कि लिखित शिकायत दी है, इसमें अभी कोई कार्रवाई की जानकारी नहीं है। पटवारी भारती ने बताया कि लिखित शिकायत तहसीलदार को सौंप दी है।
चंबल नदी में अवैध खनन रोकने उतरी पुलिस
चंबल नदी क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे अवैध खनन के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कोटा ग्रामीण व सिटी पुलिस ने शनिवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने नदी किनारे बसे गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को अवैध खनन से पर्यावरण और जैव विविधता को होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी तथा अवैध खनन रोकने में सहयोग की अपील की।
ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि दीगोद, सुल्तानपुर, बूढ़ादीत, इटावा और खातौली थाना क्षेत्रों में, जहां से चंबल नदी गुजरती है, वहां आसपास के गांवों में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की बैठक लेकर अवैध खनन रोकने के लिए समझाइश की। ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि किसी क्षेत्र में बिना अनुमति खनन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें।
साथ ही अवैध खनन में लगे लोगों को वाहन, मशीनरी, श्रमिक या किसी अन्य प्रकार की सहायता उपलब्ध नहीं कराने के लिए भी कहा गया। पुलिस ने ग्रामीणों से रात के समय संदिग्ध वाहनों पर नजर रखने और नदी क्षेत्र में चलने वाले ट्रैक्टर ट्रॉली व डंपरों की सूचना तत्काल देने की अपील की।
इधर, सिटी पुलिस ने भी रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र के रंगपुर इलाके में चंबल किनारे हो रहे बजरी के अवैध खनन को रोकने के लिए कार्रवाई की। सीआई रामस्वरूप मीणा ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश दी। साथ ही अवैध खनन की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस ने बुलडोजर की मदद से नदी क्षेत्र की ओर जाने वाले रास्ते पर गड्ढा कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया, ताकि वहां वाहन नहीं पहुंच सकें।