Rajasthan: थाने के अंदर पिस्टल से चली गोली, हेड कांस्टेबल के सिर से हुई आर-पार, हालत नाजुक

अलवर। खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर पुलिस थाने में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब थाना परिसर स्थित मालखाने में अचानक गोली चलने से मालखाना इंचार्ज हेड कांस्टेबल हरपाल सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनके सिर में लगने से थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप की स्थिति बन गई। थाने में मौजूद कुछ पुलिसकर्मी गोली की आवाज सुनकर थाने की तरफ दौड़े तो वे जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़े थे और सांसें चल रही थी।

घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल हरपाल सिंह मालखाने में रखे हथियारों की जांच और व्यवस्थित करने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक पिस्टल से फायर हो गया। गोली लगने के बाद तेज धमाके की आवाज सुनकर थाने के अन्य पुलिसकर्मी तुरंत मालखाने की ओर दौड़े। वहां पहुंचने पर हरपाल सिंह गंभीर हालत में जमीन पर पड़े मिले।

गंभीर हालत में चल रहा इलाज

साथी पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उन्हें तत्काल मुंडावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें बहरोड़ के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल हेड कांस्टेबल की स्थिति गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह, पुलिस उपाधीक्षक लाल सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित पुलिसकर्मियों से घटना के संबंध में जानकारी ली।

दाईं कनपटी से घुसी गोली-बाईं कनपटी से निकली

बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल के दाईं तरफ कनपटी पर गोली लगी और बाईं तरफ से आरपार हो गई। गोली जहां से सिर में घुसी और जहां निकली दोनों प्वाइंट सिर में मौजूद हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोली तकनीकी खराबी, लापरवाही या अन्य किसी कारण से चली।

तीन दिन की छुट्टी के बाद लौटे थे थाने

थाना प्रभारी मोहर सिंह मीणा ने बताया कि हेड कांस्टेबल की हालत गंभीर है और उनकी देखभाल के लिए चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। उनको ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट किया गया है। घटना ने पूरे थाने में हड़कंप मचा दिया। पुलिस फिलहाल गोली चलने के कारणों की जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि हरपाल सिंह हाल ही में तीन दिन के अवकाश से लौटकर ड्यूटी पर आए थे।