Udaipur Bus Fire: उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर चलती बस में लगी आग, टला बड़ा हादसा

Udaipur Bus Fire: राजस्थान में उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर एक बड़ा हादसा टल गया। हाईवे पर चलती स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में बस जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते सभी सवारियां सुरक्षित बस से उतार ली, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे।

उदयपुर से अहमदाबाद जा रही थी बस

घटना परसाद पुलिस थाना के सामने की बताई जा रही है। बस उदयपुर से अहमदाबाद की ओर जा रही थी। जानकारी के अनुसार बस हाईवे पर गुजर रही थी तभी अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया । बस के अंदर धुआं भरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

कई KM दूर से दिखाई दे रहा था काले धुएं का गुबार

ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। कुछ समय में बस आग का गोला बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया ​कि आग इतनी विकराल थी कि हाईवे पर कई किलोमीटर दूर से काले धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था।

शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है बस में आग लगने का कारण

आग लगने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। बस में आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।