Railway Update: जयपुर. रेलपथ मरम्मत कार्य के कारण जयपुर-गांधीनगर रेलखंड के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या 219 (इमली फाटक) दिनांक 12 मई 2026 को सुबह 08:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक सड़क यातायात के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अवरोध आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते लगाया जा रहा है, जिससे रेल संचालन की सुरक्षा और सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
रेल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं। रेलवे ने कहा है कि कार्य पूर्ण होने के बाद फाटक को पुनः यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। मरम्मत कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
ट्रेन में टीटीई की सतर्कता से बची एक भटके हुए बच्चे की जान, मिला सुरक्षित सहारा
जयपुर. उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर मंडल में ड्यूटी पर तैनात टीटीई स्टाफ की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता से दो महत्वपूर्ण मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई। गाड़ी संख्या 12986 डबल डेकर एक्सप्रेस में टीटीई अंकित महर और नरेंद्र वर्मा की ड्यूटी कोच C-3 से C-10 तक थी। टिकट जांच के दौरान लगभग 13 वर्षीय एक बालक बिना टिकट यात्रा करते हुए मिला। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह अपने परिजनों को बिना बताए घर से निकल आया है।
मामले की गंभीरता को समझते हुए टीटीई अंकित महर ने तुरंत सीएमआई कंट्रोल जयपुर को सूचना दी और उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। बालक के पिता से संपर्क स्थापित किया गया तथा स्थानीय पुलिस को भी जानकारी दी गई। जांच में पता चला कि मोबाइल फोन के उपयोग की अनुमति नहीं मिलने से नाराज होकर बालक घर छोड़कर चला आया था। रेलवे स्टाफ ने उसे समझाया और सुरक्षित संरक्षण में लेते हुए आगे की कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल अलवर को सुपुर्द कर दिया।
ट्रेन से पकड़ा फर्जी टीटी
इसी ट्रेन में टिकट जांच के दौरान यात्रियों ने शिकायत की कि एक युवक खुद को टीटीई बताकर बिना रसीद दिए पैसे वसूल रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीटीई स्टाफ ने तत्काल जांच शुरू की और सीएमआई कंट्रोल को सूचित किया। पूछताछ में युवक फर्जी टीटीई निकला, जो यात्रियों से अवैध वसूली कर रहा था। तत्पर कार्रवाई के बाद उसे मौके पर पकड़कर विधिवत मेमो तैयार कर आरपीएफ अलवर को सौंप दिया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने दोनों कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या बिना पहचान वाले कर्मचारी को धनराशि न दें और ऐसी किसी भी गतिविधि की तुरंत सूचना रेलवे हेल्पलाइन या स्टाफ को दें।