Kota Accident: बिना संकेत दिए ट्रेलर चालक ने लिया यू-टर्न, पीछे से आ रही बाइक घुसी, युवक की मौत

सुकेत (कोटा)। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर सुकेत थाना क्षेत्र के हिरियाखेड़ी हाईवे पर रविवार देर रात हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रेलर चालक ने अचानक डिवाइडर कट से बिना किसी संकेत के यू-टर्न ले लिया। तेजगति से आ रही बाइक सीधे ट्रेलर के साइड हिस्से में जा भिड़ी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों युवक ट्रेलर के नीचे जा फंसे।

जानकारी के अनुसार खीमच निवासी राहुल (23) अपने साथी लक्की (22) के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। रात के समय दोनों युवक हिरियाखेड़ी गांव के पास पहुंचे ही थे कि आगे चल रहे ट्रेलर चालक ने बिना संकेत दिए मोड़ दिया। अचानक सामने आए ट्रेलर को देखकर बाइक सवार संभल नहीं सके और सीधे ट्रेलर से टकरा गए।

मौके पर मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दोनों युवक ट्रेलर के नीचे दबे हुए थे। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी। पेट्रोलिंग टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं लक्की का उपचार जारी है, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

चालक ट्रेलर छोड़कर फरार

हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बाद में क्रेन की मदद से ट्रेलर और उसके नीचे फंसी बाइक को हटाया, तब जाकर यातायात सुचारू हो सका।

सुकेत सीआई महावीर प्रसाद भार्गव ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ट्रेलर को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

हादसों का ज़ोन बनता जा रहा एनएच-52

राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर लगातार बढ़ते सड़क हादसे अब चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। बीते दो महीनों में इस मार्ग पर एक दर्जन से अधिक गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर कई जगह सर्विस रोड और मुख्य मार्ग के कट पॉइंट पर पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड कंट्रोल बोर्ड और जेब्रा लाइन तक नहीं हैं।