बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आरोपी पति को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी की हत्या कर शव कुएं में फेंकने के बाद आरोपी 1230 किलोमीटर दूर भाग गया था, लेकिन चार दिन तक लगातार पीछा कर पुलिस ने आखिरकार उसे दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार यह घटना 30 अप्रेल की है। टेचरी फांटा क्षेत्र स्थित रोही किशनायत में एक फर्म हाउस के कुएं से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को कुएं के अंदर महिला की लाश मिली, जिसकी पहचान अंशु (25) के रूप में हुई।
शुरुआत में पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन तथ्यों के आधार पर मामला हत्या का निकला। इसके बाद प्रकरण में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया गया।
पति ही निकला कातिल
जांच में सामने आया कि आरोपी छोटू कुमार, जो बिहार के समस्तीपुर का निवासी है, मृतका का पति है। वैवाहिक विवाद के चलते महिला अलग रह रही थी। आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और 14 अप्रेल को हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी मृतका की बच्ची को साथ लेकर फरार हो गया।
मोबाइल बंद कर सिम को फेंका
पुलिस से बचने के लिए आरोपी पति ने मोबाइल बंद कर लिया और सिम को भी रास्ते में ही फेंक दिया। आरोपी जयपुर, अहमदाबाद, सूरत व मुंबई में लगातार ठिकाने बदलता रहा। इसके बाद वह बिहार चला गया।
आरोपी पर रखा था 10 हजार रुपए का इनाम
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से चार दिन तक लगातार पीछा किया। अंततः आरोपी को समस्तीपुर (बिहार) से गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर गहन पूछताछ कर रही है।