राजस्थान के रेलवे स्टेशनों की तस्वीर अब तेजी से बदल रही है। इसी कड़ी में मारवाड़ की शान कहे जाने वाले सोजत रोड स्टेशन के पुनर्विकास की कुछ बेहद खूबसूरत झलकियां सामने आई हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए इस स्टेशन के नए अवतार की घोषणा की है। जाली-झरोखों और लाल पत्थर की कारीगरी से सजा यह स्टेशन अब किसी आधुनिक महल से कम नहीं लग रहा है।
85% काम पूरा: आधुनिकता और विरासत का संगम
सोजत रोड स्टेशन पर लगभग 21.20 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जा रहा है। स्टेशन के बुनियादी ढांचे को राजस्थान की पारंपरिक स्थापत्य कला से प्रेरित होकर डिजाइन किया गया है।
हेरिटेज लुक: स्टेशन की मुख्य इमारत को लाल पत्थर से बनाया गया है, जिसमें बारीक नक्काशीदार जाली और झरोखे राजस्थानी संस्कृति को साकार कर रहे हैं।
प्लेटफॉर्म का कायाकल्प: प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 पर कोटा स्टोन टाइल्स बिछाने का काम शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। यात्रियों को मौसम की मार से बचाने के लिए 10-वे वाले नए शेल्टर बनाए गए हैं।
सुरक्षा और तकनीक: प्लेटफॉर्म के दोनों छोर पर ‘काठ कैचर्स’ लगाए जा रहे हैं। साथ ही आधुनिक कोच पोजिशन डिस्प्ले, डिजिटल साइनेज और अपग्रेडेड पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम यात्रियों के सफर को सुगम बनाएंगे।
यात्री सुविधाओं में बड़ा उछाल
स्टेशन को पूरी तरह से ‘दिव्यांगजन फ्रेंडली‘ बनाया गया है, जिसमें कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, विशेष वाटर बूथ और समर्पित पार्किंग स्थल शामिल हैं।
वेटिंग हॉल: यात्रियों के आराम के लिए 75 वर्ग मीटर का भव्य वेटिंग हॉल तैयार किया गया है।
लिफ्ट और फुट ओवर ब्रिज: स्टेशन पर आवाजाही आसान बनाने के लिए नई लिफ्ट और फुट ओवर ब्रिज (FOB) का 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
सोजत की मेहंदी को मिलेगा ‘ग्लोबल’ विंग्स
पाली जिले का सोजत शहर अपनी GI-टैग्ड मेहंदी के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। सोजत रोड स्टेशन के आधुनिक विकास का सबसे बड़ा लाभ यहां के व्यापारियों को मिलेगा। स्थानीय व्यापारियों को उम्मीद है कि बेहतर ट्रांसपोर्टेशन और आधुनिक रैक पॉइंट सुविधाओं से मेहंदी के निर्यात में उछाल आएगा।
टूरिज्म का नया केंद्र बनेगा सोजत
सोजत केवल मेहंदी ही नहीं, बल्कि अपने ऐतिहासिक किले, प्राचीन मंदिरों और मारवाड़ी संस्कृति के लिए भी जाना जाता है। अत्याधुनिक स्टेशन बनने से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे ग्रामीण राजस्थानी जीवनशैली और कृषि व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
कब होगा उद्घाटन और कौन सी नई ट्रेनें मिलेंगी?
स्टेशन का काम अंतिम चरण में है और उत्तर पश्चिम रेलवे ने ‘जल्द ही नए अवतार में’ का वादा किया है। अब चर्चा इस बात की है कि क्या इस नए स्टेशन के साथ सोजत रोड को कुछ लंबी दूरी की नई ट्रेनों का ठहराव भी मिलेगा? रेल प्रेमियों और स्थानीय जनता को अब उस दिन का इंतज़ार है जब यह स्टेशन पूरी तरह से जनता को समर्पित होगा।