Spa Centre Raid: बीकानेर में स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, आपत्तिजनक हालत में मिली 8 युवती और 3 युवक

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर शहर में पुलिस ने शनिवार को स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से आठ युवती और 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि देह व्यापार लिए यहां दूसरे राज्यों से लड़कियां बुलाई जाती है।

बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में शनिवार को इलाइट थाई स्पा पर कार्रवाई की गई। एक पुलिसकर्मी ने सादा वर्दी में फर्जी ग्राहक बनकर स्पा सेंटर में प्रवेश किया। अंदर चल रही अवैध गतिविधियों की पुष्टि के बाद कोटगेट थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस ने मौके से आठ युवती और तीन युवकों को गिरफ्तार किया। सभी को थाने में लाकर पूछताछ की जा रही है।

फर्जी ग्राहक बनकर पहुंचा पुलिसकर्मी

कोटगेट थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि इलाइट थाई स्पा सेंटर को लेकर काफी समय से शिकायत मिल रही थी। लेकिन, जब भी पुलिस को यहां भेजा जाता था, स्पा सेंटर पर हमेशा ताला लटका मिलता था। सुबह स्पा सेंट का लॉक खुला हुआ था। ऐसे में सादा वर्दी में पुलिसकर्मी को फर्जी ग्राहक बनाकर अंदर भेजा गया। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की।

पुलिस की रेड से मच गई अफरा-तफरी

पुलिस की रेड से स्पा सेंटर में अफरा—तफरी मच गई। लड़कियां और युवक आपत्तिजनक हालत में थे, जो पुलिस से बचने के लिए भागने लगे। तभी पुलिस ने 8 लड़कियों को पकड़ लिया। वहीं, तीन युवकों को भी गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई लड़कियां दिल्ली, ​हरियाणा के फरीदाबाद, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ की रहने वाली है। फिलहाल, सभी से थाने में पूछताछ की जा रही है।

ऐसे स्पा सेंटरों पर आगे भी जारी रहेगा एक्शन

उन्होंने बताया कि कोटगेट थाना क्षेत्र में पुलिस ने अब तक करीब 20 स्पा सेंटर पर कार्रवाई की है। इसके अलावा कई गोपनीय स्पा सेंटरों पर भी एक्शन लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार और अवैध गतिविधियां संचालित करने वालों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

स्पा सेंटर में कब से हो रहा ऐसा काम? जांच में जुटी पुलिस

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियां कब से संचालित हो रही है और स्पा सेंटर का मालिक कौन है? पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है कि उक्त स्पा सेंटर के लिए कहां—कहां से लड़कियां बुलाई जाती थी और क्या देह व्यापार के लिए स्पा सेंटर से बाहर भी लड़कियां भेजते थे।