Rajasthan: पति ने बेरहमी से कर दी पत्नी की हत्या, 2 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, नाता प्रथा से हुआ था विवाह

Jhalawar Murder Case: झालावाड़ जिले के पिड़ावा क्षेत्र के कोटड़ी गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिसमें गृह क्लेश के चलते पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को डिटेन कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पति-पत्नी के बीच विवाद बना हत्या का कारण

कोटड़ी गांव निवासी गोविंद बैरागी ने अपनी पत्नी कविता बैरागी (25) की गला रेतकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार कविता तीन-चार माह से अपने पीहर में रह रही थी और शुक्रवार को ही ससुराल लौटी थी।

दोपहर में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान गोविंद ने धारदार हथियार से पत्नी के गले पर वार किया। गंभीर रूप से घायल कविता को पहले पिड़ावा अस्पताल लाया लेकिन वहां से जिला अस्पताल रेफर करते वक्त उसकी मौत हो गई।

नाता प्रथा से हुआ था विवाह

हत्याकांड के बाद आरोपी गोविंद बैरागी गांव लौट आया और ससुराल पक्ष को सूचना दी। गांववासियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतका के पिता प्रेमचंद की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है। गोविंद और कविता का विवाह नाता प्रथा के तहत हुआ था।

2 बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मृतका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें से एक चार साल का बेटा है और दूसरा बच्चा नाना-नानी के घर रह रहा है। अब दोनों बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।