बारां। शहर में चर्चित फिरौती कांड के आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार को दो आरोपियों का मुंडन कराकर उन्हें शहर की सड़कों पर पैदल घुमाया और घटना स्थल की तस्दीक कराई। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर “अपराध करना पाप है” कहते हुए सिर झुकाए नजर आए।
यह वीडियो भी देखें
पुलिस की इस कार्रवाई को देख लोगों ने राहत की सांस ली और मौके पर ‘पुलिस जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए। तस्दीक के बाद रिमांड अवधि पूरी होने पर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब भी फिरौती की शेष राशि की बरामदगी के लिए गहन जांच में जुटी है।
अब सभी सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि मामले में पहले ही आरोपी सुमित नागर, मोनू उर्फ मोईन खान, साजिद उर्फ राइडर और रेहान उर्फ ईशु को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनकी जल्द शिनाख्त परेड कराई जाएगी। गुरुवार को दो अन्य आरोपी शाहरुख उर्फ जावेद और राहिल को घटना स्थल पर ले जाकर तस्दीक कराई गई, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर उन्हें भी जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, एक कार और फिरौती की 8 लाख रुपए की राशि बरामद की है।
वहीं फरार चल रहे मुख्य आरोपी सैफ अली (27) पुत्र उस्मान निवासी ओढपुरा को बुधवार को सदर थाना पुलिस ने एक देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद उसे भी न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस तरह अब इस मामले के सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मकान तोड़ दिया सख्त संदेश
गौरतलब है कि 24 अप्रेल को कुछ बदमाशों ने ओढपुरा बस्ती के पास कब्रिस्तान क्षेत्र से कांच व्यापारी सतीश गोड़ का हथियारों के बल पर अपहरण कर लिया था और 14 लाख रुपए की फिरौती लेकर उसे छोड़ा था। 25 अप्रेल को मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया। जांच में सहयोग नहीं करने पर बुधवार को नगरपरिषद की टीम ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मुख्य आरोपी के अतिक्रमण कर बनाए गए पुश्तैनी मकान को ध्वस्त कर दिया, जिससे सख्त संदेश देने का प्रयास किया गया है।