सिरोही। कांडला हाईवे पर अनादरा थाना इलाके में सनवाड़ा-सिरोड़ी के पास रविवार देर शाम करीब 8.30 बजे दो ट्रेलरों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक ट्रेलर चालक की केबिन में दबने से मौके पर मौत हो गई, जबकि उसी ट्रेलर का परिचालक घायल हो गया।
दुर्घटना के दौरान धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि चालक के गले से लोहे का सरिया आर-पार हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि परिचालक अंदर केबिन में फंस कर घायल हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और घायल को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा। सूचना पर अनादरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।
ड्राइवर की हुई मौत (फोटो-पत्रिका)
हाईवे पर लगा जाम
हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। दूर-दूर तक वाहनों की कतारें लग गई। सूचना पर पहुंची अनादरा पुलिस ने वाहनों को हटवाकर स्थिति को संभाला और जाम खुलवाया। हेड कांस्टेबल विरेन्द्र सिंह डुडी मय जाब्ता ने जाम खुलवाकर यातायात सुचारू करवाया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने बताया कि अभी तक मृतक और घायल की शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक ट्रेलर तमिलनाडु क्षेत्र का बताया जा रहा है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
ओवरटेक के दौरान भिड़े ट्रेलर
इस हाईवे पर डिवाइडर नहीं है। ऐसे में आए दिन इस तरह के हादसे होते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओवरटेक के चक्कर में दोनों ट्रेलरों में भिड़ंत हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि ओवरटेक करने के चक्कर में दोनों ट्रेलर आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि एक ट्रेलर का केबिन पिचक गया और दूसरा ट्रेलर दूर जाकर रुका।