न्यूनतम तापमान बढ़कर 22.6 डिग्री, पर्यटन स्थलों पर दोपहर में पसरा सन्नाटा
उदयपुर. शहर में गर्मी ने अचानक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह से ही तेज धूप चुभने लगी है, जबकि दोपहर में गर्म हवा लोगों को बेहाल कर रही हैं। स्थिति यह है कि अब रात में भी राहत नहीं मिल रही और तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को शहर में दोपहर बाद बादल छाने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
पिछले दो दिनों के आंकड़े बताते हैं कि तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री दर्ज किया गया, यह एक दिन पहले 39.0 डिग्री था। वहीं न्यूनतम तापमान भी 19.5 से बढ़कर 22.6 डिग्री पहुंच गया है। औसत तापमान में करीब 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, इससे गर्मी का असर और अधिक महसूस किया जा रहा है।शहर में सुबह 9 बजे के बाद ही धूप तीखी हो जाती है और दोपहर तक गर्म हवाओं का असर बढ़ जाता है। शाम तक गर्मी बनी रहने से लोगों को राहत नहीं मिल रही। रात के समय पहले जहां हल्की ठंडक रहती थी, अब वह पूरी तरह खत्म हो चुकी है।
जनजीवन पर असर
तेज गर्मी का असर दिख रहा है, दोपहर में प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सन्नाटा छाने लगा है।- पर्यटक और स्थानीय लोग सुबह और शाम के समय ही बाहर निकलना पसंद कर रहे हैं।- दिनभर लोग धूप से बचने के लिए छांव, कूलर और एसी का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।- गर्मी से बिजली-पानी की खपत में इजाफा हो रहा है। कूलर-एसी की मांग बढ़ने लगी है।- बाजारों में दोपहर के समय ग्राहकों की संख्या घट रही है, जबकि शाम को रौनक बढ़ रही है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव खत्म होने और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है, इससे गर्मी और तेज होने की संभावना है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आएगा, लेकिन उसका असर उदयपुर संभाग पर नहीं होगा।
प्रो. नरपतसिंह राठौड़, मौसमदविद