Youth Dead Body Found In Jhunjhunu: झुंझुनूं के पचेरी में सहड गांव के एक युवक की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी। माजरी मार्ग पर सड़क किनारे शव मिलने के बाद परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
थानाधिकारी बनवारीलाल यादव ने बताया कि मृतक की पहचान विक्रम सिंह (30) पुत्र रघुवीर निवासी सहड के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विक्रम मंगलवार रात गुरुग्राम से अपने गांव लौट रहा था। उसके पास से बस का टिकट भी मिला है, जिससे संकेत मिलता है कि वह शाम करीब 7:30 बजे रवाना हुआ था।
परिजनों को उम्मीद थी कि वह देर रात तक घर पहुंच जाएगा, लेकिन उसके नहीं पहुंचने पर चिंता बढ़ गई। बुधवार सुबह सूचना मिली कि माजरी मार्ग पर सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर उसकी पहचान विक्रम के रूप में हुई।
विक्रम के सिर पर चोट के निशान पाए जाने से मामला संदिग्ध हो गया है। परिजनों का आरोप है कि विक्रम की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंका गया है। सूचना पर पचेरी कलां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बुहाना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुहाना डीएसपी नोपाराम भाकर ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
विक्रम गुरुग्राम में ट्रेक्सी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में से एक था, जिनमें एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा भाई संजय सेना में कार्यरत है। विक्रम अपने पीछे दो छोटे बेटे आयुष और आरव को छोड़ गया है। आयुष विकलांग है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। ऐसे में इस घटना ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। परिजनों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
इनका कहना है
सहड मार्ग पर सड़क किनारे युवक का शव मिला है। सिर पर चोट के निशान हैं। सड़क दुर्घटना और हत्या, दोनों पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
बनवारीलाल यादव, थानाधिकारी पचेरी कलां