राजस्थान के मजदूरों की शिकायत पर BJP विधायक के पति के खिलाफ FIR

जयपुर। राजस्थान के मजदूरों से उत्तर प्रदेश में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा विधायक राजबाला के पति दिलीप लोधी ने राजस्थान के ठेकेदार सहित मजदूरों को मजदूरी के रुपए नहीं दिए। जब रुपए मांगे तो उनके साथ मारपीट की और सामान भी छीन लिया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी।

इस मामले में भरतपुर जिले के थाना बयाना क्षेत्र के गांव नगला होता निवासी ठेकेदार रविंद्र सिंह और मजदूर मोहन सिंह ने कोर्ट इस्तगासे के जरिये विधायक के पति के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। मामले की जांच सीओ सिटी जितेंद्र कुमार को सौंपी गई है।

सिविल लाइंस काेतवाली पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक मुरादाबाद में एक कोठी पर जब ठेकेदार रविंद्र अपने मजदूरों के साथ ग्रेनाइट पत्थर लगाने का काम कर रहा था। तभी उसकी मुलाकात दिलीप सिंह लोधी से हुई, जो रामपुर जिले की मिलक विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक राजबाला के पति है।

आरोप है कि दिलीप लोधी ने अपनी होटल पर ग्रेनाइट लगाने का काम 35 रुपए प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से तय किया। साथ ही 15 मजदूरों को साप्ताहिक मजदूरी व अन्य खर्च देने पर सहमति बनी। एक सप्ताह बाद जब भुगतान मांगा तो सिर्फ दो हजार रुपए ही दिए। अगले दिन फिर पैसे मांगने पर लोधी ने राशन देने की बात कही और नगद भुगतान से इनकार कर दिया।

ठेकेदार का आरोप- रुपए मांगने पर की मारपीट

ठेकेदार का आरोप है कि 9 दिन तक काम करने के करीब एक लाख रुपए बनते है। लेकिन, मजदूरी मांगने पर विधायक पति भड़क गए और उसके साथ मारपीट की। बीच बचाव के लिए आए मजदूरों से भी मारपीट की गई। विधायक पति ने सामान भी देने से इनकार कर दिया और धमकी देकर सभी मजदूरों को भगा दिया।

पुलिस पर भी लगाया आरोप

इस मामले में थाने में भी मामला दर्ज करवाया। लेकिन, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने भाजपा विधायक राजबाला के पति दिलीप लोधी पर मजदूरों का पैसा हड़पने, रुपए मांगने पर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और सामान छीनने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विधायक पति ने आरोपों को बताया निराधार

विधायक पति दिलीप कुमार ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि राजस्थान से आए मजदूरों ने होटल में ठीक तरीके से टाइल्स नहीं लगाई। जिसके चलते करीब 3 लाख रुपए तक का नुकसान हुआ है। जब होटल के सुपरवाइजर ने ठेकेदार और मजदूरों को टोंका तो वे रात में ही अपना सामान और गाड़ी छोड़कर भाग गए थे। मजदूर कई सामान भी चोरी कर ले गए थे। इस बारे में पुलिस को भी सूचना दी थी।