बरूंदनी (भीलवाड़ा): नियति का क्रूर मजाक देखिए कि जिस घर में दो दिन पहले ही नई नवेली दुल्हन के आगमन पर मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां मंगलवार को चीत्कार गूंज उठी। बरूंदनी से छह किलोमीटर दूर बड़ा खेड़ा गांव में बेलगाम बजरी के ट्रेलर ने नवविवाहित युवक किशन हजूरी को कुचल दिया।
बता दें कि हादसा इतना भयावह था कि किशन की मौके पर मौत हो गई। जापरपुरा की ललिता के हाथों की मेहंदी अभी सूखी भी नहीं थी कि सिर से सिंदूर का साया उठ गया।
खुशियों पर भारी पड़ी ‘होनी’
मृतक किशन का विवाह महज दो दिन पूर्व ही मांडलगढ़ के पास जापरपुरा निवासी ललिता के साथ हुआ था। घर में खुशियों का माहौल था। मंगलवार शाम को ही किशन की बहनों का विवाह होना था। दोपहर में मायरा (भात) लेकर आए मेहमानों का स्वागत सत्कार चल रहा था।
इसी बीच किशन किसी जरूरी काम से पैदल घर की ओर जा रहा था, तभी काल बनकर आए ओवरलोड बजरी के डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में शव क्षत-विक्षत हो गया, जिसे देख प्रत्यक्षदर्शियों की रूह कांप गई।
बहनों के हाथों में सजनी थी मेहंदी, भाई का देना पड़ा कंधा
सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि जिस आंगन में शाम को बहनों की विदाई की रस्में होनी थीं, वहां से भाई की अंतिम यात्रा निकली। खुशियों वाले घर में शहनाइयों की जगह रुंदन ने ले ली। ललिता का रो-रोकर बुरा हाल था, जिसे ढांढस बंधाने वाले हर शख्स के कंधे कांप गए।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, जिसका गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार हुआ। हादसे ने पूरे गांव को रूला दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
बजरी माफिया के खिलाफ जनाक्रोश
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। अवैध बजरी के परिवहन से नाराज लोगों ने दुर्घटनाकारित वाहन पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बजरी माफिया बेखौफ हैं और ओवरलोड वाहन काल बनकर दौड़ रहे हैं। बड़ा खेड़ा के आसपास वन क्षेत्र में बजरी के अवैध स्टॉक लगे होने के बावजूद प्रशासन मौन है।