चित्तौड़गढ़। राजस्थान में नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए अब नियमों की अनदेखी करना भारी पड़ सकता है। चित्तौड़गढ़ जिले में पुलिस ने डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल करते हुए एक बड़ा अभियान चलाया, जिसमें लेन अनुशासन तोड़ने वाले सैकड़ों चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। खास बात यह रही कि वीओसी (VOC) ऐप के जरिए चालान सीधे वाहन चालकों के मोबाइल पर भेजे गए, जिससे एक ही दिन में भारी जुर्माना वसूला गया।
जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे-48 पर गंगरार से मंगलवाड़ खंड के बीच शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने लेन नियमों का उल्लंघन करने वाले 316 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके ई-चालान जारी किए। इन चालानों के माध्यम से कुल 1 लाख 58 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। अचानक हुई इस सख्त कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई चालक नियमों का पालन करते नजर आए।
हाईवे पर चल रहा अभियान
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि हाईवे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। खासकर भारी वाहनों द्वारा गलत लेन में चलने से हादसों का खतरा बढ़ जाता है, जिसे रोकने के लिए अब सख्ती बरती जा रही है।
इंटरसेप्टर से रखी जा रही है पैनी नजर
इस अभियान के तहत गंगरार से रिठौला और रिठौला से मंगलवाड़ तक दो अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन तैनात किए गए हैं। ये वाहन तेज रफ्तार और गलत लेन में चलने वाले वाहनों पर नजर रखते हैं और तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं। ट्रैफिक डीएसपी शिव प्रकाश के निर्देशन में गंगरार, चंदेरिया, सदर चित्तौड़गढ़, भदेसर, भादसोड़ा और मंगलवाड़ सहित आधा दर्जन थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम इस अभियान में सक्रिय रही।
भारी वाहनों पर विशेष नजर
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नेशनल हाईवे पर सुरक्षित यात्रा के लिए लेन ड्राइविंग नियमों का पालन अनिवार्य है। जो वाहन चालक, विशेषकर भारी वाहन चालक, निर्धारित लेन का उल्लंघन करते हुए अन्य वाहनों के लिए बाधा बनेंगे, उनके खिलाफ वीओसी ऐप के माध्यम से ई-चालान की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस की इस सख्ती के बाद अब हाईवे पर सफर करने वालों को और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।