कोटा में पुलिस और बदमाश के बीच फायरिंग,हिस्ट्रीशीटर आदिल के पैर में लगी गोली, गंभीर घायल

कोटा। जिले के सुकेत थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस और हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा के बीच मुठभेड़ हो गई। जंगलों में भाग रहे आदिल को पकड़ने के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर आदिल के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मुठभेड़ के बाद आदिल मिर्जा को तत्काल मोडक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने की है।

जंगलों में घेराबंदी, हिस्ट्रीशीटर ने शुरू की फायरिंग

हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा के क्षेत्र में छिपे होने की सूचना पर सांगोद थाना पुलिस और मोड़क थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर आदिल को चारों ओर से घेर लिया और उसे आत्मसमर्पण करने को कहा गया। लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आदिल के पैर में गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया।

पुलिस और हिस्ट्रीशीटर के बीच हुई थी मुठभेड़

गौरतलब है कि कोटा में फायरिंग मामले में फरार चल रहे आदिल मिर्जा के शुक्रवार को सांगोद थाना क्षेत्र के किशनपुरा गांव में फार्म हाउस में साथियों के साथ छिपे होने की सूचना पर कोटा के कैथूनीपोल थाना सीआई अमरेश कुमार ने टीम के साथ दबिश दी। कार्रवाई की भनक लगने पर आदिल व उसके साथियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, लेकिन मौका पाकर आदिल व उसके साथी भाग निकले। उसके बाद पुलिस ने लगातार बदमाशों को पकड़ने के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा था।

राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी
 : https://bit.ly/4bg81fl