पाइप लाइन में लीकेज, व्यर्थ बह रहा पानी, कीचड़ में रपट रहे वाहन

पोकरण कस्बे में फोर्ट रोड से सालमसागर तालाब जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से लीकेज पाइप लाइन के कारण जलापूर्ति के दौरान पानी व्यर्थ बह रहा है। पानी आम रास्ते पर जमा होकर कीचड़ में तब्दील हो रहा है, जिससे आमजन को परेशानी हो रही है। इसके साथ ही हादसे की भी आशंका बनी हुई है। जानकारी के अनुसार कस्बे के गली-मोहल्लों में फोर्ट रोड से रामदेवसर तालाब जाने वाले मार्ग पर स्थित शहरी जलप्रदाय योजना एमबी वेल हेडवक्र्स से जलापूर्ति की जाती है। इसके लिए पाइपलाइनें लगाई गई है। सालमसागर तालाब के पास पाइपलाइन लंबे समय से लीकेज है। ऐसे में जलापूर्ति के दौरान पानी व्यर्थ बह रहा है। पानी फोर्ट रोड से सुभाष चौक तक जमा हो जाता है। पूरी सडक़ पानी व कीचड़ से सन जाने के कारण राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही यहां सडक़ के दोनों तरफ बैठे दुकानदारों एवं यहां आने वाले ग्राहकों का गुजरना भी मुश्किल हो रहा है।

बड़े हादसे का भी भय

गत दिनों यहां जमा कीचड़ को देखते हुए नगरपालिका की ओर से फोर्ट रोड पर मिट्टी डलवाई गई, जिसके कारण पानी व मिट्टी मिलने से कीचड़ फैल गया। हालांकि नगरपालिका की ओर से कीचड़ फैलते ही तत्काल मिट्टी को पुन: हटवा लिया गया, लेकिन कीचड़ अभी तक जमा हो रहा है। ऐसे में आए दिन मोटरसाइकिल व स्कूटी सवार और पैदल राहगीर यहां रपट रहे है। बुधवार रात भी यहां फैले कीचड़ के कारण दो-तीन वाहन रपट गए, लेकिन गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं लगने से बड़ा हादसा टल गया।

जलापूर्ति को भी झटका

गत लंबे समय से लीकज पड़ी पाइपलाइन के कारण पानी व्यर्थ बह रहा है, साथ ही गली-मोहल्लों में जलापूर्ति भी बाधित हो रही है। इसके अलावा फोर्ट रोड से सुभाष चौक तक कीचड़ जमा हो जाने के कारण राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्राहकों को भी दुकानों तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है।

Leave a Comment