शराबी बेटे ने नशे में कर दी मंदबुद्धि मां की हत्या, रिश्तों को किया शर्मसार

कोटपूतली-बहरोड़. शराब की लत और पारिवारिक तनाव ने एक बेटे को इतना अंधा कर दिया कि उसने अपनी ही मां की हत्या कर डाली। यह दर्दनाक घटना विराटनगर थाना क्षेत्र के बलेसर गांव में घटित हुई जहां एक 30 वर्षीय बेटे ने अपनी मंदबुद्धि मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

शादी न होने और तानों से बढ़ा गुस्सा
पुलिस के मुताबिक आरोपी हंसराज आदतन शराबी है। इस लत के कारण उसकी शादी नहीं हो रही थी। आरोपी की मां भी मंदबुद्धि थी। परिवार के तानों और सामाजिक दबाव से परेशान होकर उसने गुस्से में यह खौफनाक कदम उठाया।
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई। लोगों में हंसराज के प्रति गुस्सा देखा जा रहा है। मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाली इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया था।

मृतका के देवर ने दी घटना की सूचना
मृतका अनिता देवी के देवर मालीराम ने पुलिस को सूचना दी कि नशे में धुत हंसराज ने अपनी मां अनीता देवी के साथ झगड़ा किया और उनकी हत्या कर दी। रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने 24 घंटे में किया आरोपी को गिरफ्तार
जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और वृताधिकारी शिप्रा राजावत के सुपरविजन में थानाधिकारी मनोहर लाल और उनकी टीम ने कड़ी मेहनत से 24 घंटे के भीतर आरोपी हंसराज पुत्र ओमप्रकाश डाकोत, निवासी ज्योतिषियों का मौहल्ला बालेसर,थाना विराटनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

Leave a Comment