अस्पताल परिसर रात में बन जाता है पार्किंग, आपातकालीन कक्ष के आगे ही मोटरसाइकिले

सरहदी जिले के परमाणु नगरी में जिला स्तरीय अस्पताल है, लेकिन यहां अव्यवस्थाओं के चलते मरीजों व उनके साथ आने वाले परिजनों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हालात यह है कि रात होते ही ड्यूटी पर कार्यरत कार्मिक अपने वाहन अस्पताल परिसर के अंदर खड़े कर देते है। गैलेरी में खड़े वाहनों के कारण मरीजों व परिजनों को कई बार परेशानी से रु-ब-रु होना पड़ता है। गौरतलब है कि पोकरण में राजकीय जिला चिकित्सालय स्थित है। यहां अव्यवस्थाओं का आलम रहता है। रात में तो व्यवस्था और बिगड़ जाती है। शुक्रवार की मध्यरात्रि बाद जब अस्पताल के हालात देखे तो यहां परिसर में कर्मचारियों के वाहन खड़े मिले। गैलेरी में एक तरफ वाहन तो दूसरी तरफ पड़ी बैंचों से जगह संकरी हो गई। जिससे मरीजों व परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि जिम्मेदारों की ओर से न तो कोई ध्यान दिया जा रहा है, न ही कोई कवायद की जा रही है।

आपात स्थिति में बढ़ जाती है परेशानी

राजकीय जिला चिकित्सालय में मेडिकल मार्केट की तरफ एक द्वार स्थित है। इस द्वार में प्रवेश करते ही बांई तरफ आपातकालीन कक्ष बना हुआ है। इस द्वार के आगे एक तरफ बैंचें लगाई हुई है और दूसरी तरफ कर्मचारियों की ओर से अपनी मोटरसाइकिलें, स्कूटी आदि खड़ी कर दी जाती है। ऐसे में रात में कोई आपात स्थिति, दुर्घटना आदि के दौरान परिजनों, पुलिस व अन्य लोगों की भीड़ में यहां खड़े रहना भी मुश्किल हो जाता है।

चोरी का भी भय

वैसे तो अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए है, लेकिन आए दिन मोटरसाइकिलें चोरी की घटनाएं होती रहती है। इसी के चलते कर्मचारियों की ओर से रात में अपने वाहन अस्पताल परिसर में खड़े कर दिए जाते है। हालांकि अस्पताल परिसर में पार्किंग स्थल भी निर्धारित किया गया है और वहां भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है, लेकिन कार्मिक भय के चलते गैलेरी में ही खड़ी कर देते है। ऐसे में ये वाहन मरीजों व परिजनों के लिए परेशानी का सबब बन जाते है। बावजूद इसके इन कर्मचारियों को पाबंद करने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

करेंगे पाबंद

अस्पताल परिसर में कोई मोटरसाइकिल खड़ी की जा रही है तो गलत है। स्टाफ को अपने वाहन पार्किंग में ही खड़े करने के लिए पाबंद किया जाएगा। साथ ही चौकीदार को भी इस संबंध में ध्यान रखने के लिए कहा जाएगा।

डॉ.अनिल गुप्ता, प्रमुख चिकित्साधिकारी राजकीय जिला चिकित्सालय, पोकरण

Leave a Comment