तीसरे दिन बढ़ाई जीएसएस की क्षमता, धरना समाप्त

पोकरण क्षेत्र के भैंसड़ा गांव में स्थित जीएसएस पर भाजपा नेताओं व ग्रामीणों की ओर से दिया जा रहा धरना बुधवार को तीसरे दिन समाप्त हुआ। गौरतलब है कि विद्युत समस्याओं को लेकर भाजपा नेताओं व ग्रामीणों की ओर से सोमवार को बेमियादी धरना शुरू किया गया था। ग्रामीणों ने बताया था कि भैंसड़ा जीएसएस पर विद्युतभार अधिक है। जिसके कारण बार-बार विद्युत आपूर्ति बंद हो जाती है। साथ ही घरेलू कनेक्शनों पर आपूर्ति कई बार घंटों तक बाधित रहती है। हरियासर से भैंसड़ा विद्युत लाइन का कार्य भी अभी तक पूरा नहीं हुआ है। जिसके कारण वॉल्टेज की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। 11 केवी के स्वीकृत फीडर का कार्य अभी तक तो शुरू भी नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि कार्यकारी एजेंसी की ओर से कार्य समय पर पूर्ण नहीं किए जाने के कारण ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने भैंसड़ा जीएसएस पर नया पॉवर ट्रांसफार्मर लगवाने, हरियासर-भैंसड़ा विद्युत लाइन का कार्य शीघ्र पूर्ण करवाने, नए स्वीकृत काजासर, राजगढ़ व खोखरगढ़ फीडर के कार्य जल्द शुरू कर पूर्ण करने और कार्यकारी एजेंसी के लिए समयसीमा निर्धारित कर विद्युत आपूर्ति करने की मांग की।

जताया विरोध, की मुलाकात

जीएसएस पर बुधवार को पूर्व सरपंच डूंगरसिंह, समंदरसिंह, सवाईनाथ, नरपतसिंह, सवाईसिंह, राजेन्द्रसिंह, दानसिंह, जयसिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इसके अलावा ग्रामीणों की ओर से पूर्व उपसरपंच देवीसिंह भैंसड़ा, विजयसिंह भैंसड़ा, रघुवीरसिंह ओला प्रतिनिधि मंडल के रूप में जोधपुर पहुंचे और केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत व डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक से बातचीत कर ग्रामीणों की समस्या से अवगत करवाया। इसके अलावा पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी ने बुधवार को धरनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और केन्द्रीय मंत्री शेखावत व डिस्कॉम के अधिकारियों से बातचीत की।

स्वीकृति जारी, धरना समाप्त

प्रतिनिधि मंडल ने जोधपुर में डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक से मिलकर समस्या से अवगत करवाया। साथ ही केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने भी डिस्कॉम के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। डिस्कॉम के क्षेत्रीय मुख्य अभियंता की अनुशंसा पर अधीक्षण अभियंता पीपी एंड एम ने स्वीकृति जारी की। जिसके अंतर्गत भैंसड़ा के 33 केवी जीएसएस में विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता पॉवर ट्रांसफार्मर 2 गुणा 3.15 एमवीए तक बढ़ाने की स्वीकृति जारी की गई। साथ ही 11 केवी फीडरों को विभाजित करने और क्षेत्र में सुचारु विद्युत आपूर्ति करने के निर्देश दिए है। स्वीकृति जारी होने के बाद ग्रामीणों की ओर से धरना समाप्त करने की घोषणा की गई। पूर्व विधायक भाटी ने धरना समाप्त करवाया। ग्रामीणों ने केन्द्रीय मंत्री शेखावत का आभार जताया।

Leave a Comment