नागौर. देव दीपावली शुभ संयोगों के साथ शुक्रवार को हर्षोल्लाषपूर्वक मनाई गई। इस मौके पर मंदिरों में दीपोत्सव के साथ ही भगवान का पूजन कर भजन, कीर्तन किया गया। विशेषकर नगरसेठ बंशीवाला मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूरे मंदिर परिसर को दीप मालाओं से सजाया। शाम होते ही मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने विभिन्न प्रकार के धार्मिक प्रतीकों में स्वास्तिक एवं ऊॅ आदि के आकार के साथ ही अन्य पवित्र मुद्राओं के आकार में दीपक जलाकर उनको सजाया गया। इससे पूरा मंदिर परिसर दीपक की रोशनी में जगमग करता रहा। मंदिर परिसर में गर्भगृह, चौक से लेकर मुख्य गेट की चारदीवारी तक दीपक प्रज्जवलित किए गए। हजारों दीपक की रोशनी में भजनों के साथ जलते दीपक के रंग से बंशीवाला मंदिर परिसर आस्था के रंग में रंगा रहा। इस दौरान भजन मण्डली ने एक से बढकऱ एक भजनों की प्रस्तुतियां दी। इसी तरह नया दरवाजा स्थित हनुमान मंदिर भी हजारों दीपक की रोशनी में झिलमिलाता-चमकता अपने विहंगम रूप में नजर आया। मंदिर परिसर में मुख्य गेट से लेकर अंदर गर्भगृह के पास तक दीपक प्रज्जवलित किए गए थे। इस दौरान सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का भी पाठ किया। हनुमान चालीसा के साथ ही श्रद्धालुओं ने संगीतमय आरती भी की। इसी तरह शहर के अन्य मंदिरों में भी दीपक प्रज्जवलित कर देव दीपावली मनाई गई। कइयों ने तालाबों, सावर्जनिक मार्गों के किनारों के साथ ही पीपल के पेड़ों के नीचे दीपक प्रज्जवलित कर देव दीपावली मनाई।