जिला कलक्टर ने किया मोहनगढ़ में स्थित बाड़मेर-जैसलमेर पम्पिंग स्टेशन का निरीक्षण

जैसलमेर जिला कलक्टर प्रतापसिंह एवं प्रबंध निदेशक, जोधपुर विद्युत वितरण निगम डॉ. भंवरलाल ने शनिवार को मोहनगढ़ का दौरा कर वहां संचालित बाड़मेर-जैसलमेर पम्पिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल स्टोरेज के लिए निर्मित डिग्गियों में जल स्टोरेज की स्थिति को भी देखा एवं पेयजल लिफ्टिंग के संबंध में जलदाय व विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। जिला कलक्टर सिंह ने मोहनगढ़ पम्प हाऊस जैसलमेर-बाड़मेर के निरीक्षण के दौरान पम्प हाऊस की स्थिति, 33 केवी जीएसएस, पम्प हाऊस में स्थापित मोटर पम्प सेट, पेनल बोर्ड एवं कंट्रोल पेनल में वॉल्टेज की स्थिति का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही पम्प हाऊस से प्रतिदिन हो रही जलापूर्ति एवं विद्युत आपूर्ति के लॉगबुक का भी अवलोकन किया। जिला कलक्टर ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को कहा कि वे विद्युत वॉल्टेज की अस्थिरता एवं जैसलमेर शहर के पम्प हाउस के लिए वॉल्टेज स्टाइबलाइजर के प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिये।

नसीहत: सुधार के स्थायी समाधान जरूरी

उन्होंने सहायक अभियंता जलदाय को निर्देश दिए कि वे विद्युत अस्थिरता की स्थिति के दौरान मोहनगढ़ पम्प हाऊस पर उपस्थित रहे। उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को कहा कि वे हर हाल में पम्प हाऊस पर विद्युत वॉल्टेज अस्थिरता में सुधार लाने के लिये स्थाई समाधान कराएं, ताकि जैसलमेर शहर की जलापूर्ति व्यवस्था बाधित नहीं हो। जोधपुर विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. भंवरलाल ने पम्प हाऊस पर विद्युत आपूर्ति पर्याप्त वॉल्टेज में रहे, इसके लिए विद्युत निगम के अभियंता एवं ट्रांसमिशन के अभियंता आपसी समन्वय रखते हुए उचित कार्रवाई करने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता जलदाय केसी मीणा, अधीक्षण अभियंता विद्युत यूआर गोदारा के साथ ही पेयजल एवं विद्यत विभाग के अभियंता साथ में थे।

Leave a Comment