Pratapgarh crime: गुरुवार रात प्रतागढ़ जिले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में काम करने वाले सब इंस्पेक्टर हर्षवधन पर तेजाब से हमला हुआ। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए हर्षवर्धन की पूर्व प्रेमिका और उसके दूसरे प्रेमी को अरेस्ट कर लिया है और अब इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ है। हर्षवर्धन फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।
दरअसल कोतवाली थाना इलाके में गुरुवार शाम एनसीबी के एक एसआई पर एसिड अटैक हुआ। वह कार में था और कार में उसके साथ उसकी पूर्व प्रेमिका खुशी राव थी। खुशी और हर्षवर्धन के बीच करीब दो साल तक अफेयर चला और उसके बाद एक साल पहले दोनों में ब्रेकअप हो गया था। ब्रेकअप के बाद खुशी ने प्रतापगढ़ में ही रहने वाले प्रियांशु से दोस्ती कर ली थी। दोनो के बीच एक साल से अफेयर चल रहा था।
इस दौरान खुशी और प्रियांशु के बीच कुछ दिन पहले हर्षवर्धन को लेकर विवाद हो गया। खुशी ने प्रियांशु को यकीन दिलाया कि वह हर्षवर्धन के टच में अब नहीं है। लेकिन वह नहीं माना और सबूत मांगा। इस पर खुशी और प्रियांशु ने मिलकर हर्षवर्धन को मारने की साचिश रची। गुरुवार को सवेरे खुशी ने ही हर्षवर्धन को मिलने के लिए बुलाया। पहले तो उसने मना कर दिया लेकिन खुशी ने कहा कि वह आखिरी बार मिलना चाहती है। ऐसे में हर्षवर्धन तैयार हो गया। वह कार लेकर पहुंचा और खुशी को पीछे की सीट पर बिठाया। कार के पीछे ही प्रियांशु अपनी बाइक लेकर चल रहा था।
कुछ दूरी पर जाकर हर्षवर्धन को खुशी पर शक होने लगा। जैसे ही उसने खुशी से बात करनी चाही तो खुशी ने अपने बैग से एक हथियार निकाला। लकड़ी पर मोटी कील लगे इस हथियार से खुशी ने हर्षवर्धन के कंधे पर चोट मारी। उसके बाद बैग से तेजाब निकाला और हर्षवर्धन को नहला दिया। इसी दौरान कार के नजदीक प्रियांशु भी आ गया और कार से टकराकर चोटिल हो गया। बाद में वहां पर लोग जमा हो गए और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। अब जाकर पूरा मामला खुलकर सामने आया है।