Weather Update: ठंड की दस्तक से बदला राजस्थान का मिजाज, तेजी से गिरा तापमान; जानिए कौन सा शहर सबसे ठंडा

उदयपुर। लेकसिटी में ठंड का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है। ऐसे में दिन की धूप का तीखापन कम होता नजर आ रहा है। दिन की धूप सुहाने लगी है। सुबह-शाम की ठंडक दोपहर तक बढ़ गई है, वहीं रात की ठिठुरन तेज असर दिखाने लगी है। मौसमी बदलाव का असर आम जनजीवन की बदलती दिनचर्या में तेजी से दिखने लगा है।

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को दिन का पारा 25.4 डिग्री और रात का 9.2 डिग्री रहा। इससे एक दिन पहले बुधवार को अधिकतम 26.6 और न्यूनतम 10.6 डिग्री रहा था। लिहाजा रात के पारे में 1.4 डिग्री और दिन के पारे में 1.2 डिग्री की गिरावट आई। पिछले दस दिनों में रात का पारा 6 डिग्री और दिन का करीब 7 डिग्री तक कम हुआ।

रात को सन्नाटा, सुबह की शुरुआत देर से

● ठंड का असर दिन ब दिन बढ़ रहा है। प्रतिदिन करीब एक डिग्री तापमान की गिरावट दर्ज की जा रही है। अचानक बढ़ती ठंड से जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
● स्थिति यह है कि आधी रात तक शहर की सड़कों, सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों पर दिखने वाली भीड़ इक्का-दुक्का लोगों की मौजूदगी में बदलती जा रही है।
● अलसुबह शुरू होती रही चहल-पहल भी अब काफी देर से शुरू होती नजर आ रही है। शहर के बाजार देर से खुलने लगे हैं। मॉर्निंग वॉक पर जाने वालों के समय में भी देरी हुई है।
● शहर के बाजारों में मौसमी बदलाव से जुड़े उत्पादों की दुकानें भी बहुतायत में दिखने लगी है। इनमें तिल-गजक के उत्पाद प्रमुख हैं। ऊनी वस्त्रों की दुकानें भी हर तरफ सज गई है।

यह भी पढ़ें: कंपकंपी छुड़ा देगी ठंड: IMD ने इस जिले में दे दिया ALERT, राजस्थान में यहां 5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा टेम्प्रेचर, जानें Today Weather News

Leave a Comment