Jaipur-Delhi National Highway Accident: जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नीझर मोड़ के पास शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें यूपीएससी परीक्षा दिलाने जा रहे पिता की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बेटी घायल हालत में अपने पिता के शव के पास रोती रही। पुलिस के अनुसार तिजारा (अलवर) निवासी 45 वर्षीय निहाल सिंह मेघवाल अपनी बेटी शिवानी को अजमेर में होने वाली यूपीएससी परीक्षा दिलाने के लिए कार से जा रहे थे।
देर रात जब उनकी कार जयपुर की ओर बढ़ रही थी तभी नीझर मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक कंटेनर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
मौके पर ही पिता की मौत, बेटी घायल
सूचना मिलने पर भाबरू थाना पुलिस उपनिरीक्षक जयराम चौधरी मय जाब्ते मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस कर्मियों की मदद से दोनों को कार से बाहर निकाला गया और पावटा सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने निहाल सिंह को मृत घोषित कर दिया और बेटी शिवानी का उपचार जारी है।
एम्बुलेंस नर्सिंग अधिकारी जगदीश सराधना ने बताया कि हादसे में पिता-पुत्री दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे। पिता की मौत के बाद बेटी पूरी तरह टूट गई और अस्पताल में रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया जा रहा है कि निहाल सिंह अपनी बेटी को UPSC परीक्षा दिलाने के लिए अजमेर ले जा रहे थे। लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजसमंद में भी हुआ हादसा
राजसमंद में भी एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां आमेट क्षेत्र में भैरूनाथजी के दर्शन कर लौट रहे एक परिवार की बाइक को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में दो मासूम बच्चों सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और ट्रेलर को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।