Amit Shah Bikaner Visit: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज दो दिवसीय पर बीकानेर आएंगे। दौरे के दौरान वे भारत-पाक सीमा पर स्थित सांचू बॉर्डर पहुंचकर बीएसएफ जवानों से संवाद करेंगे और सीमा सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाह सोमवार रात 10:20 बजे बीकानेर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
यहां से वे सीधे बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी बीकानेर पहुंचकर उनकी अगवानी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाह मंगलवार शाम 6:25 बजे दिल्ली रवाना होंगे।
महिला बैरकों का ई-उद्घाटन
26 मई की सुबह गृहमंत्री शाह सांबू सीमा चौकी पहुंचेंगे। यहां पौधरोपण, सैनिक सम्मेलन और जवानों से संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद वे बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय में महिला बैरकों के ई-उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर में भारत-पाक सीमा से जुड़े मुद्दों पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाह शाम 6:25 बजे दिल्ली रवाना होंगे।
दो दिन बदलेगी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 25 और 26 मई के बीकानेर दौरे को लेकर शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा प्रबंधों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन तथा नो-व्हीकल जोन घोषित किया है। जिला पुलिस प्रशासन के अनुसार, नाल एयरपोर्ट से स्वामी केशवानंद विश्वविद्यालय, भीमसेन सर्किल, बीएसएफ मुख्यालय और सोफिया स्कूल चौराहा तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। इसके चलते शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
पुलिस के अनुसार 25 मई को शाम 3 बजे से रात 11 बजे तक तथा 26 मई को सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक जैसलमेर रोड स्थित गांधी प्याऊ, छतरगढ़ रोड का शोभासर चौराहा, श्रीगंगानगर रोड का बीछवाल बाईपास चौराहा, जयपुर रोड स्थित जयपुर बाईपास सर्किल (वैष्णो धाम-डीमार्ट क्षेत्र), नोखा रोड स्थित नापासर चौराहा, सोफिया स्कूल से म्यूजियम सर्किल तक नो-व्हीकल जोन पर यातायात डायवर्जन रहेगा।
प्रशासन ने सोफिया स्कूल चौराहे से म्यूजियम सर्किल तक के मार्ग को 25 मई को शाम 3 बजे से रात 12 बजे तक तथा 26 मई को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक नो-व्हीकल जोन घोषित किया है। इस दौरान आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
ये रहेंगे वैकल्पिक मार्ग
जयपुर रोड से आने वाले वाहन हल्दीराम प्याऊ, सोफिया स्कूल चौराहा, जेएनवीसी थाना रोड होते हुए मूर्ति सर्किल और शिवबाड़ी चौराहे की ओर भेजे जाएंगे।
जैसलमेर रोड से आने वाले वाहन गांधी प्याऊ से शोभासर चौराहा, करणीनगर औद्योगिक क्षेत्र और सुपर मार्केट मार्ग से शहर में प्रवेश करेंगे।
छतरगढ़-खाजूवाला क्षेत्र से आने वाले वाहन शोभासर बाईपास और करणीनगर औद्योगिक क्षेत्र होकर शहर पहुंचेंगे।
नापासर रोड से आने वाले वाहन नापासर चौराहे से जोधपुर बाईपास और जोहड़ बीड़ मार्ग होकर शिवबाड़ी चौराहे की ओर भेजे जाएंगे।
पुलिस ने की सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि 25 और 26 मई को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि वीवीआईपी सुरक्षा और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे।