Mission Hariyalo: राजस्थान में हर महीने छात्रों को लगाने होंगे 20 पौधे, कर्मचारियों को मिला 40 पौधों का लक्ष्य

Ek Ped Maa Ke Naam in Rajasthan: जयपुर. राजस्थान सरकार प्रदेश को हरित और पर्यावरण संतुलित बनाने के लिए “एक पेड़ मां के नाम 2.0 : मिशन हरियालो राजस्थान” अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित पंचायती राज सभागार में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री Madan Dilawar ने वर्ष 2026-27 के पौधारोपण कार्यक्रम की तैयारियों और पूर्व वर्षों में किए गए पौधारोपण कार्यों की समीक्षा बैठक ली।

बैठक में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में प्रदेशभर में 3.61 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया गया है।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि लगाए गए पौधे सुरक्षित रहें और आगे चलकर बड़े पेड़ बनें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित मॉनिटरिंग, सुरक्षा और रखरखाव की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

Madan Dilawar ने शिक्षा विभाग और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इसके तहत प्रति विद्यार्थी हर महीने 20 पौधे लगाने तथा अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा 40 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने दोनों विभागों को इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

मानसून से पहले ली पौधारोपण की तैयारियों की विस्तृत जानकारी

बैठक में विभिन्न विभागों से मानसून से पहले पौधारोपण की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली गई। मंत्री ने पौधारोपण स्थलों के चिन्हीकरण, पौधों की उपलब्धता, जल प्रबंधन और रखरखाव व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

गत वर्षों में लगाए गए जीवित पौधों की भी समीक्षा

उन्होंने गत वर्षों में लगाए गए जीवित पौधों की भी समीक्षा की और जिन स्थानों पर पौधे सूख गए या नष्ट हो गए हैं, वहां तुरंत नए पौधे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करने तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही।

2024 में 100 लाख से अधिक और वर्ष 2025 में 288 लाख से अधिक पौधारोपण

मंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत पिछले वर्षों में उल्लेखनीय सफलता मिली है। वर्ष 2024 में 100 लाख से अधिक और वर्ष 2025 में 288 लाख से अधिक पौधारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता से प्रदेश में हरित अभियान को नई गति मिली है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानें, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से इसे जनआंदोलन बनाएं ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित राजस्थान मिल सके।