Rajasthan: महिला कांस्टेबल से रेप केस, फरार बर्खास्त सिपाही पर 25 हजार का इनाम, जानें पूरा मामला

Ajmer Rape Case : अजमेर। महिला कांस्टेबल से बलात्कार, ब्लैकमेलिंग व लाखों रुपए की ठगी के चर्चित मामले में फरार चल रहे आरोपी बर्खास्त सिपाही पर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। गिरफ्तारी से बचते फिर रहे आरोपी सिपाही को तीन दिन पूर्व ही सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है । पुलिस पड़ताल में सामने आया कि आरोपी मूलरूप से डीडवाना कुचामन जिले के बड़ थाना क्षेत्र के बाजोली का रहने वाला है। वर्तमान में अजमेर के हरिभाऊ उपाध्याय नगर में रह रहा था। प्रकरण में अनुसंधान सीओ नॉर्थ शिवम जोशी कर रहे है।

निलम्बन, बर्खास्तगी के बाद इनाम

आरोपी सिपाही के खिलाफ गम्भीर प्रकृति का मुकदमा दर्ज होने पर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने 6 मई को उसे निलम्बित किया था। निलम्बन का नोटिस तामील नहीं हुआ। आखिर कार्यालय से लगातार गैरहाजिर रहने पर गत 17 मई को एसपी ने बर्खास्त कर दिया। बर्खास्तगी की कार्रवाई के बाद भी उसका सुराग नहीं लगने पर अब एसपी ने 25 हजार रुपए का नकद पुरस्कार घोषित किया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी या उससे सम्बंधित पुख्ता सूचना देने वाले को 25 हजार रुपए का पुरस्कार देगी।

यह है मामला

पीड़ित महिला कांस्टेबल ने 6 मई को सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वर्ष 2018 में डीएसटी में तैनात आरोपी सिपाही ने उसे विश्वास में लिया और बाद में अपनी बहन के सरकारी आवास पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। आरोपी ने 2020 से 2025 के बीच करीब 28 लाख रुपए वसूले।

आरोपी ने उसके नाम पर लोन उठवाकर कार खरीदी तथा प्रॉपर्टी में निवेश के नाम पर भी रकम हड़प ली। इतना ही नहीं, आरोपी और उसके परिजनों पर सोने के गहने हड़पकर बैंक में गिरवी रखने के आरोप भी लगाए हैं।

आरोपी ने ना केवल उसका गर्भपात करवाया बल्कि नशे की हालत में घर पहुंचकर नाबालिग बेटे के सामने अश्लील हरकतें भी कीं। पुलिस ने आरोपी के अलावा उसकी बहन, भाई, पत्नी और जीजा समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने जाल में फंसाकर अश्लील फोटो, वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।