गर्मी का कहर: फंगल इंफेक्शन, सनबर्न, एलर्जी, खुजली के मरीज बढ़े

उदयपुर. भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान का असर अब लोगों की त्वचा पर दिखाई देने लगा है। शहर में पारा 40 डिग्री के पार पहुंचने के साथ ही महाराणा भूपाल चिकित्सालय की त्वचा रोग ओपीडी में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई है। प्रतिदिन 500 से अधिक मरीज त्वचा संबंधी समस्याओं को लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा फंगल इंफेक्शन, घमौरी, सनबर्न, एलर्जी, खुजली और टैनिंग के मरीज शामिल हैं।

पसीना और उमस से संक्रमण

विशेषज्ञों के अनुसार, तेज गर्मी, अत्यधिक पसीना और लंबे समय तक धूप में रहने से त्वचा संक्रमण तेजी से फैल रहा है। खासकर शरीर के बंद हिस्सों में फंगल इंफेक्शन की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई लोग गर्मी में भी टाइट कपड़े पहनते हैं और पसीने के बाद त्वचा को साफ नहीं रखते, जिससे संक्रमण तेजी से फैलता है। बच्चों और युवाओं में घमौरियों की समस्या बढ़ी है।

दोपहर की धूप से सबसे ज्यादा खतरा

सुबह 11 से शाम 4 बजे तक की धूप त्वचा के लिए नुकसानदायक साबित हो रही है। लोगों में सनबर्न और टैनिंग की शिकायतें तेजी से बढ़ रही हैं। कई मरीज चेहरे और हाथों पर जलन, लालिमा और त्वचा काली पड़ने की समस्या लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। लगातार अल्ट्रावॉयलेट किरणों के संपर्क में रहने से त्वचा की ऊपरी परत प्रभावित होती है।

ओपीडी में बढ़ी भीड़

एमबी हॉस्पिटल की त्वचा रोग ओपीडी में इन दिनों मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। सामान्य दिनों में जहां प्रतिदिन 250 से 300 मरीज पहुंचते थे, वहीं अब यह आंकड़ा 500 से 550 तक पहुंच गया है। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।

लंबे समय तक धूप में रहना घातक

विशेषज्ञों के अनुसार छोटे बच्चों, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और लंबे समय तक धूप में रहने वाले लोगों पर गर्मी का असर सबसे ज्यादा पड़ रहा है। तेज धूप और पसीने के कारण रैशेज, खुजली, जलन और घमौरियों की शिकायतें बढ़ रही हैं। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों की त्वचा अधिक संवेदनशील होती है, इसलिए उनमें संक्रमण जल्दी फैलता है।

ऐसे करें त्वचा का बचाव

-सुबह 11 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें-बाहर जाते समय एसपीएफ 30 सनस्क्रीन जरूर लगाएं

-दिनभर 2–3 लीटर पानी और तरल पदार्थ लेते रहें-पसीना आने पर तुरंत नहाएं या त्वचा साफ करें

-खुजली/दाने होने पर बिना डॉक्टर सलाह क्रीम न लगाएं-फंगल इंफेक्शन में प्रभावित जगह को सूखा रखें

गर्मी में त्वचा संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। लगातार खुजली, लाल चकत्ते या जलन को नजरअंदाज न करें। बिना डॉक्टर की सलाह के स्टेरॉयड क्रीम का उपयोग गंभीर नुकसान कर सकता है। समय पर जांच और सही इलाज से फंगल इंफेक्शन व स्किन रोगों से बचाव संभव है।

डॉ. शरद मेहता, त्वचा रोग विशेषज्ञ, एमबी हॉस्पिटल