Pushkar Valley Accident: पुष्कर घाटी में बीती रात एक भीषण हादसे में एक युवक की मौत हो गई और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुष्कर घाटी में अजमेर की ओर आ रही एसयूवी ने पुष्कर की ओर जा रही दो बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एसयूवी पुष्कर घाटी की सुरक्षा दीवार तोड़ते हुए बिजली के पोल से टकराकर गहरी खाई की तरफ लटक गई। कार सीकर के श्रीश्याम सेवा ट्रस्ट से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। कार का रजिस्ट्रेशन ट्रस्ट के नाम पर है।
कार सवार युवक घटनास्थल से फरार हो गए जबकि बाइक पर पुष्कर जा रहे शास्त्री नगर निवासी रोहित वैष्णव व मधुसुदन वैष्णव, नागबाई निवासी रवि व अशोक नगर भट्टा निवासी जितेन्द्र गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की आपातकालीन इकाई पहुंचाया। उपचार के दौरान रवि को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कार सवार हुए फरार
पुलिस पड़ताल में आया कि दुर्घटना के तुरंत बाद एसयूवी में सवार युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाकारित करने वाले वाहन को कब्जे में लेकर उनकी तलाश शुरू कर दी है। प्रारम्भिक पड़ताल में सामने आया कि कार सीकर के श्रीश्याम सेवा ट्रस्ट से जुड़ी है। कार का रजिस्ट्रेशन ट्रस्ट के नाम पर है।
पुलिस पहुंची मौके पर
सूचना मिलने के बाद एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला, एएसपी सिटी हिमांशु जांगिड़, पुलिस उप अधीक्षक ग्रामीण रामचंद्र चौधरी, सीओ यातायात संजय, पुष्कर थाना अधिकारी विक्रम सिंह और हरिभाऊ उपाध्याय थानाप्रभारी महावीर शर्मा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों की जुबानी-बाल-बाल बचे
प्रत्यक्षदर्शी सोनू राठौड़ ने बताया कि वह अपने भाई के साथ पुष्कर जा रहा था। पुष्कर घाटी में उतरने के दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने सामने से दो बाइक को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि उन्होंने तुरन्त अपनी बाइक को साइड में कर लिया। चेनपुरा निवासी अम्बासिंह रावत ने बताया कि हादसे के पश्चात कार सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया लेकिन आरोपी कार से उतर पैदल ही अजमेर की तरफ भाग गए।
100 मीटर दूरी पर गिरी थी बस
पुष्कर घाटी में सुरक्षित यातायात को लेकर सवालिया निशान लग चुका है। गत 19 अप्रेल को घटनास्थल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर अजमेर से पीसांगन जा रही निजी बस खाई में गिर गई थी। उस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई थी जबकि करीब 30 अन्य घायल हो गए थे।