सीकर में दर्दनाक हादसा: दो बाइकों में जोरदार भिड़ंत, चार युवकों की मौत

Sikar Road Accident : सीकर। लक्ष्मणगढ़ इलाके में लक्ष्मणगढ़-सालासर मार्ग पर सनवाली के पास सोमवार शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर खून बहने लगा और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही कार्यवाहक थानाधिकारी राजकुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज बालूराम गोदारा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चारों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मोटरसाइकिलें तेज गति से चल रही थीं। इसी दौरान आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा नेता दिनेश जोशी, पंचायत प्रशासक कैलाश ढूकिया, पार्षद पवन बूंटोलिया, भाजपा शहर महामंत्री कमल सुरोलिया, पूर्व पार्षद संजीव भानुका और सत्यनारायण सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

चारों की उम्र 35 साल से कम

पुलिस के अनुसार हादसे में बलारां थाना क्षेत्र के ढोलास निवासी राजेश नैण (30) पुत्र हरिराम, स्वरूपसर निवासी महेश (35) पुत्र लक्ष्मण सिंह, बैरास निवासी नंदलाल (35) पुत्र मदनलाल और लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के भूमां बासनी निवासी महेंद्र (28) पुत्र जगदीश की मौत हो गई।

मृतकों के बारे में जानकारी मिली है कि महेश निजी स्कूल की बस चलाता था, जबकि नंदलाल जीप चालक था। महेंद्र पहले विदेश में नौकरी करता था, लेकिन वर्तमान में गांव में ही रह रहा था। राजेश भी पहले विदेश में काम कर चुका था और फिलहाल बेरोजगार था।

तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार मासूम को कुचला

उधर, जिले के नीमकाथाना सदर थाना इलाके में मावंडा रोड पर हुए सड़क हादसे में 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। जानकारी के अनुसार जोरा मीणा की ढाणी के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे साइकिल लेकर खड़े 14 वर्षीय तोहित को टक्कर मार दी। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार में सवार तीन लोग भी घायल हो गए। लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर कर दिया गया। वहीं मृतक बच्चे के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।