जोधपुर शहर में 21 मई को पानी सप्लाई रहेगी बंद, 22-23 और 24 मई का बना नया शेड्यूल

जोधपुर। भीषण गर्मी के बीच शहरवासियों के लिए जरूरी सूचना सामने आई है। ग्रीष्मकालीन जल भंडारण व्यवस्था और पेयजल तंत्र के रखरखाव को लेकर 21 मई को जोधपुर शहर के अधिकांश क्षेत्रों में जलापूर्ति बंद रहेगी। जलदाय विभाग की ओर से शहर के फिल्टर प्लांट, पम्प हाउस और पाइप लाइनों की सफाई एवं आवश्यक रखरखाव कार्य किया जाएगा, जिसके चलते एक दिन के लिए पानी की सप्लाई प्रभावित होगी।

जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र मेहता ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु में पानी की बढ़ती मांग को देखते हुए जल भंडारण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और वितरण प्रणाली को बेहतर करने के उद्देश्य से यह कार्य किया जा रहा है। इसके तहत 21 मई को शहर के सभी फिल्टर हाउसों से होने वाली जलापूर्ति बंद रखी जाएगी।

21 मई की सप्लाई 22 को होगी

विभाग के अनुसार, शहर के कायलाना, चौपासनी और सुरपुरा फिल्टर हाउस से जुड़े सभी क्षेत्रों में 21 मई को निर्धारित जलापूर्ति अब 22 मई को की जाएगी। वहीं 22 मई की सप्लाई 23 मई को जारी की जाएगी। इससे इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति का शेड्यूल एक दिन आगे खिसक जाएगा।

इन इलाकों में सुबह जारी रहेगी सप्लाई

हालांकि विभाग ने कुछ क्षेत्रों को राहत भी दी है। झालामण्ड और तखतसागर फिल्टर हाउस से जुड़े सरस्वती नगर, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टरों तथा पाल बाईपास और शिल्पग्राम के आसपास के क्षेत्रों में 21 मई को सुबह 10 बजे तक जलापूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी।

इस तरह से खिसकेगी पानी सप्लाई

इसके बाद इन क्षेत्रों में भी जल वितरण कार्यक्रम में बदलाव रहेगा। विभाग के अनुसार सरस्वती नगर, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न सेक्टरों तथा पाल बाईपास और शिल्पग्राम के आसपास के क्षेत्रों में 22 मई को होने वाली जलापूर्ति 23 मई को होगी और 23 मई को होने वाली जलापूर्ति 24 मई को की जाएगी।

जलदाय विभाग की अपील

जलदाय विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि वे पानी का उपयोग सोच-समझकर करें और 21 मई से पहले आवश्यक जल संग्रह कर लें, ताकि जलापूर्ति प्रभावित रहने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विभाग का कहना है कि रखरखाव कार्य पूरा होने के बाद जल वितरण व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाया जा सकेगा।