Rajasthan Crime: शादी का रिश्ता दिखाने के बहाने होटल बुलाकर युवती से बलात्कार

अजमेर। शादी के लिए लड़का दिखाने के बहाने युवती को होटल बुलाकर बलात्कार करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने परिचित युवक पर नशीला पेय पिलाकर बलात्कार के बाद गेगल टोल नाके के पास छोड़कर फरार होने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर गेगल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्जकर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पीड़िता ने एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला को शिकायत दी कि उसके परिचित युवक ने उसे शादी के लिए लड़का दिखाने का झांसा देकर शहर की होटल में बुलाया।

एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज

वहां आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई। जिसके असर से वह अचेत हो गई। आरोपी ने जबरदस्ती करते हुए उसके साथ बलात्कार किया। वारदात के बाद आरोपी उसे कार में लेकर निकला व गेगल टोल नाके पर छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि .हेली को फोन कर उसने टोल नाके पर बुलाया, जिसकी मदद से अपने घर पहुंच सकी। पीडि़ता की शिकायत पर एसपी के आदेश से पुलिस ने प्रकरण दर्जकर अनुसंधान शुरू किया है।

इधर एक अन्य माले में बूढा पुष्कर रोड पर पीपली तिराहे से कुछ ही दूरी पर पहाड़ी क्षेत्र में खोपड़ी का कंकाल, हड्डियां व महिला के कपड़े मिलने की सूचना से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिर के कंकाल सहित कपड़ों, हड्डियों को एकत्र कर फोरेंसिक जांच के लिए चिकित्सालय के पोस्टमार्टम कक्ष में सुरक्षित रखवाया। मेडीकल बोर्ड से डीएनए जांच के बाद ही घटना का पर्दाफाश हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

थानाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि चरवाहे से पहाड़ी में कंकाल होने की सूचना मिली थी। रविवार शाम करीब चार बजे पुलिस टीम के साथ साढ़े तीन घंटे तक तलाश करने पर पहाड़ी में सिर का कंकाल एवं हड्डियां छितराई हुई पड़ी मिलीं। मौके पर महिला के वस्त्र, सिर के बाल भी मिले।

सभी अवशेषों को एकत्र कर चिकित्सालय में जांच के लिए रखवाया गया है। कंकाल व हड्डियां करीब छह माह से अधिक पुरानी बताई जा रही हैं। पुलिस को घडूम्बा पहाडी पर सन 2022 में भी एक नर कंकाल पड़ा मिला था। वन विभाग के अधिकारी कैलाश की सूचना पर पुलिस ने कंकाल मौके से कब्जे में लिया था। लेकिन आज तक उस घटना का राज नहीं खुल सका है।