Jhalawar Bulldozer Action: झालावाड़। झालावाड़ जिले में अपराधियों के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम देते हुए सुनेल और भवानीमंडी में हिस्ट्रीशीटरों व हार्डकोर अपराधियों के अवैध साम्राज्य पर बुलडोजर चला दिया। हत्या, गैंगवार, फायरिंग, अवैध हथियार और जानलेवा हमलों जैसे गंभीर अपराधों में नामजद बदमाशों द्वारा सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त कर करोड़ों रुपए मूल्य की भूमि अतिक्रमण मुक्त करवाई गई। भारी पुलिस जाब्ते और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चली इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और हार्डकोर बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अपराधों से अर्जित संपत्तियों, सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध कब्जों और अवैध निर्माणों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसी क्रम में पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से यह बड़ी कार्रवाई की।
सुनेल में पीडब्ल्यूडी की बेशकीमती जमीन से हटाया कब्जा
कार्रवाई का सबसे बड़ा केंद्र सुनेल कस्बा रहा। यहां हार्डकोर अपराधी भेरू उर्फ भैरूलाल गुर्जर और उसके भाई बल्लू उर्फ रामलाल गुर्जर द्वारा सुनेल-झालरापाटन मुख्य मार्ग पर सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की बेशकीमती सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर आलीशान मकान और अन्य निर्माण किए गए थे। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटर अर्जुन गुर्जर द्वारा भी इसी मुख्य मार्ग पर सरकारी भूमि पर कब्जा कर चार अवैध दुकानों का निर्माण कराया गया था।
सोमवार सुबह प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। बुलडोजरों की गड़गड़ाहट के बीच अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू हुई। देखते ही देखते दो आलीशान मकान, चार दुकानें और अन्य अवैध निर्माण मलबे में तब्दील हो गए। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया था। हर गतिविधि पर पुलिस की नजर बनी रही, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो।
भवानीमंडी में भी चला बुलडोजर
सुनेल के बाद प्रशासन का पीला पंजा भवानीमंडी पहुंचा। यहां भी हार्डकोर अपराधी भैरूलाल गुर्जर द्वारा नगरपालिका क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण करवाया गया था। नगरपालिका प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया और करोड़ों रुपए मूल्य की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार पचपहाड़ अब्दुल अजीज, नगरपालिका ईओ मनीष मीणा, भवानीमंडी थानाधिकारी प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा।
अपराधों की लंबी फेहरिस्त
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार भैरूलाल गुर्जर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगवार, अवैध हथियार, मारपीट और धमकी सहित कुल 18 मामले दर्ज हैं। वहीं उसके भाई बल्लू उर्फ रामलाल पर हत्या सहित तीन गंभीर मामले दर्ज हैं। हिस्ट्रीशीटर अर्जुन गुर्जर के खिलाफ जानलेवा हमला, फायरिंग और आर्म्स एक्ट सहित छह प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
भारी पुलिस जाब्ते में हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। वृत्ताधिकारी पिड़ावा पूजा नागर, थानाधिकारी सुनेल विष्णु सिंह, थानाधिकारी रायपुर रमेश सिंह, थानाधिकारी पिड़ावा रामपाल सहित पुलिस लाइन से अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया। मौके पर पीडब्ल्यूडी और नगरपालिका के अधिकारी भी मौजूद रहे।
एसपी बोले-अपराध से बनाई संपत्ति पर लगातार होगी कार्रवाई
एसपी अमित कुमार ने कहा कि जिले में संगठित अपराध और आदतन अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध से अर्जित संपत्तियों, अवैध कब्जों और सरकारी जमीनों पर बनाए गए अवैध निर्माणों की पहचान कर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है।