आज का सवाल – जैसलमेर में पर्यटन व्यवसाय ठप है। ऐसे हालात में इस क्षेत्र से जुड़े लोगों के सामने अस्थायी बेरोजगारी के हालात बन गए हैं। उन तक कैसे शासन-प्रशासन की ओर से राहत पहुंचे?
जैसलमेर में गर्मी का मौसम आम जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। दूसरी ओर पर्यटकों की आवक लगभग बंद हो जाने से इस क्षेत्र से जुड़े हजारों लोगों के सामने आर्थिक संकट भी उत्पन्न हो गया है। पर्यटन व्यवसाय में अलग-अलग स्तर के लोग शामिल हैं और वे एक तरह की अस्थायी बेरोजगारी से जूझते हैं।
यह स्थितियां चिंताजनक
जैसलमेर के पर्यटन क्षेत्र में जो वर्तमान स्थिति बनी हुई है, वह वाकई चिंताजनक है। पर्यटन इस शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, और जब यह प्रभावित होता है, तो इसका सीधा असर हजारों परिवारों की आजीविका पर पड़ता है। सरकार को आर्थिक राहत और सहायता, वैकल्पिक रोजगार के अवसर, स्थानीय बुनियादी ढांचे का सुधार कर घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देना चाहिए।
– जसवंत सिंह
जरूरी उपाय करे सरकार
ऑफ-सीजन में पर्यटन व्यवसाय लगभग ठप हो गया है, जिससे गाइड, सफारी संचालक, होटल-रेस्टोरेंट कर्मी एवं अन्य फ्रीलांस सेवा देने वाले बेरोजगार हो गए हैं। सरकार को केवल पर्यटन बढ़ाने की घोषणाओं तक सीमित न रहकर नाइट टूरिज्म, मसाला चौक, रेतीले धोरों पर आंशिक प्रकाश व्यवस्था सहित नाइट सफारी तथा नियमित हवाई सेवाओं जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी कार्य करना चाहिए। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को वर्षभर रोजगार मिल सकेगा।
– नरेन्द्र छंगाणी
जरूरतमंदों को मिले सम्बल
पर्यटन को जैसलमेर की आर्थिक धुरी माना जाता है। हजारों लोगों को इससे प्रत्यक्ष रोजगार मिलता है लेकिन गर्मियों के करीब 3-4 महीनों में इस व्यवसाय से जुड़े लोगों को बहुत परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। जो भी जरूरतमंद हैं, उनकी किसी न किसी रूप में सहायता की जानी आवश्यक है।
– संजय वासु
सक्षम व्यवसायी भी निभाएं जिम्मेदारी
पर्यटन क्षेत्र में जहां बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर तबके लोग जुड़े हैं, वहीं कई ऐसे भी हैं जो पर्याप्त रूप से सक्षम हैं। ऐसे व्यवसायियों को आगे आकर मदद का हाथ बढ़ाना चाहिए। सरकार व प्रशासन को भी कोई योजना बनाकर अस्थायी बेरोजगारी का सामना करने वालों को राहत देनी चाहिए।
– पदमसिंह
अगले सप्ताह का सवाल
स्कूलों में ग्रीष्मावकाश शुरू हो गए हैं। करीब डेढ़ माह तक बच्चों के लिए छुट्टियां चलेंगी। इस अवधि का क्या सकारात्मक उपयोग हो सकता है। जो बच्चों के भविष्य के लिए भी सुखद फलदायी हो, इस संबंध में अपनी प्रतिक्रिया फोटो सहित निम्न नम्बर पर भिजवाएं 9462246222