Rajasthan Weather Update: राजस्थान में आज मौसम विभाग ने जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में बारिश की संभावना जताई थी। बाकी कई जिलों में हीटवेव का रेड-ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया था। अब रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ने की आशंका है ऐसे में मौसम ने एक बार फिर अपना रुख बदल लिया है। वहीं मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उष्ण लहर को देखते हुए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। 14 मई के लिए विशेष चेतावनी देते हुए विभाग ने 4 जिलों में रेड अलर्ट, 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 6 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं।
इन जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बाड़मेर, बीकानेर, जैसलमेर और फलोदी में रेड अलर्ट जारी किया है, जहां अत्यधिक गर्मी और उष्ण रात्रि की स्थिति बन सकती है। वहीं बालोतरा, जालौर, जोधपुर और श्रीगंगानगर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां भीषण हीटवेव की संभावना जताई गई है। इसके अलावा बारां, बूंदी, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, कोटा और सवाईमाधोपुर में येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बाड़मेर में तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस पहुंचा
वर्तमान में राजस्थान के दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 48.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है और कई जिलों में स्थिति और खराब हो सकती है।
कई जिलों में हीटवेव का असर
जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले 4 से 5 दिनों तक तीव्र हीटवेव और उष्ण रात्रि की संभावना बनी हुई है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भी तापमान 44 से 45 डिग्री के बीच रहने की आशंका है। इससे लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
हल्की बारिश और आंधी की संभावना
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले 48 घंटों में बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र और जयपुर व भरतपुर के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ आंधी चल सकती है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।